#अपराध
November 16, 2025
हिमाचल में नशा सप्लाई करने आए थे हरियाणा के दो तस्कर, स्थानीय युवक सहित धरे
पुलिस खंगाल रही तस्करों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी में नशे के खिलाफ चल रही मिशन क्लीन.भरोसा मुहिम के दौरान पुलिस ने चिट्टा तस्करी से जुड़े एक और गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसआईयू शिमला की टीम ने लोअर खलीणी क्षेत्र में छापा मारकर तीन युवकों को चिट्टे सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में हरियाणा के दो युवक और शिमला जिले का एक युवक शामिल है।
यह कार्रवाई उस समय हुई जब एसआईयू टीम नियमित गश्त के दौरान वर्मा कॉटेज के पास संदिग्ध गतिविधियां देख कर सतर्क हो गई। तलाशी लेने पर तीनों के पास से 6.910 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान रजत कुमार (30) और शुभम घई (29) निवासी जिला अंबाला (हरियाणा) तथा कमलेश वर्मा (25) निवासी रामपुर जिला शिमला के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कार ने अचानक खोया नियंत्रण, चपेट में आया 5 साल का मासूम
पुलिस का मानना है कि आरोपी नशे की छोटी लेकिन खतरनाक खेप शिमला में सप्लाई करने आए थे। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि ये लोग किसी संगठित नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जो पिछले कुछ समय से हिमाचल में सक्रिय है। पुलिस का यह मानना है कि बाहरी राज्यों से आने वाले नशा तस्कर प्रदेश की युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने की कोशिश में लगातार लगे हुए हैं, जिससे सामाजिक ढांचे पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: 10 तोले सोना लेकर भागी दुल्हन, दूसरे युवक को बनाने चली थी शिकार; 5 साथियों सहित धरी
बरामद नशे को कब्जे में लेकर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ न्यू शिमला थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। टीम अब आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। इसमें मोबाइल फोन डेटा, संपर्क सूत्र, बैंक लेनदेन और उनके सफर की विस्तृत जानकारी शामिल है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
यह भी पढ़ें: रिज के बाद अब यहां लगेगी राजा साहब की मूर्ति, कल को होगा भव्य समारोह और धाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार हाल के महीनों में बाहरी राज्यों से नशे की खेप हिमाचल तक पहुंचने के प्रयास बढ़ गए हैं। तस्कर पर्यटन और ट्रैवल रूट का इस्तेमाल कर नशे की आपूर्ति को आसान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा।