#अपराध
April 27, 2025
हिमाचल : साथी ने ही छीन ली शख्स की सांसे, देह को कमरे में बंद कर हुआ फरार
10 दिन पहले ही काम पर रखे थे दोनों
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ समय से हत्याओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में आए दिन हत्या के मामले रिपोर्ट किए जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के शिमला जिला के रोहड़ू से सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपने ही साथी की बेरहमी से हत्या कर दी है। आरोपी ने व्यक्ति की हत्या करने के बाद शव को कमरे में छोड़ कर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला रोहड़ू उपमंडल के तहत आते चिड़गांव पुलिस थाना क्षेत्र से सामने आया है। आरोपी और मृतक दोनों ही नेपाली मूल के व्यक्ति हैं और एक बागवान के पास नौकरी करते थे। बागवान ने दोनों को 10 दिन पहले ही काम पर रखा था। बागवान की शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस थाना चिड़गांव में दर्ज करवाई शिकायत में बागवान तेश चौहान पुत्र केशव राम निवासी गांव बराल डाकघर जड़ग रोहड़ू ने बताया कि बीते 16 अप्रैल को हरिद्वार से आए दो नेपाली युवकों को उन्होंने अपने बगीचे में काम पर रखा था। इन दोनों युवकों के नाम कृष्ण और हरी है। बागवान ने बताया कि उन्होंने कृष्ण और हरी को मजूदरी और चौकीदारी के लिए अपने चिल्लाला बगीचे में काम पर रखा था और उन्हें वहीं पर ढारा रहने को भी दिया था।
तेश चौहान के अनुसार बीते रोज शनिवार 26 अप्रैल को वह अपने बगीचे में गया था। जहां उसने देखा कि ढारा बाहर से बंद है। जब उसने दरवाजा खोला तो अंदर नेपाली कृष्ण की लाश पड़ी हुई थी। वहीं हरी वहां कहीं नहीं मिला। यहां वहां देखने पर भी जब हरी नहीं मिला तो शक हुआ कि उसी ने कृष्ण की हत्या की है और फिर फरार हो गया है।
बागवान ने इसकी जानकारी चिड़गांव पुलिस थाना को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103,(1) के तहत मामला दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया है और दूसरे नेपाली हरी की तलाश शुरू कर दी है।