#अपराध
April 11, 2026
हिमाचल में बड़ी जब्ती: 25 लाख की अफीम और 12 लाख कैश बरामद- तीन अरेस्ट
मूल रूप से नेपाल के रहने वाले तीनों आरोपी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। ये कार्रवाई ना केवल मादक पदार्थों की बरामदगी के लहाज से बड़ी है बल्कि इससे एक बड़े अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के पर्दाफाश होने की भी संभावना है। नारकंडा क्षेत्र में हुई इस रेड में पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम और नकदी के साथ नेपाली मूल के 3 शातिर तस्करों को दबोचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ये पूरी कार्रवाई 10 अप्रैल 2026 को अमल में लाई गई। डिटेक्शन सेल रामपुर की टीम को एक सटीक गुप्त सूचना मिली थी कि 3 नेपाली व्यक्ति एक इनोवा गाड़ी में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए नारकंडा के पास नाकेबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध गाड़ी नाके के पास पहुंची, पुलिस ने उसे रुकने का संकेत दिया। टीम ने कानून के मुताबिक स्वतंत्र गवाहों को मौके पर बुलाया और उनकी उपस्थिति में गाड़ी की सघन तलाशी शुरू की।
यह भी पढ़ें : HRTC की सभी बसों में चिप लगवाएगी सरकार: इमरजेंसी बटन दबाते ही तुरंत पहुंचेगी मदद
तलाशी के दौरान पुलिस टीम तब दंग रह गई जब गाड़ी के भीतर से 9.28 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत काफी अधिक आंकी जा रही है। अफीम के साथ-साथ पुलिस ने 12 लाख रुपये की नकद राशि भी बरामद की है जिसे ड्रग मनी माना जा रहा है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थों और नकदी को सील कर दिया और वाहन को अपने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मूल रूप से नेपाल के रहने वाले हैं और काफी समय से हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में सक्रिय थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि तीनों आरोपी लंबे समय से तस्करी के धंधे में संलिप्त थे व नेपाल से सटे क्षेत्रों व हिमाचल के दुर्गम इलाकों के बीच एक कड़ी का काम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! आज फिर बिगड़ेगा मौसम- 5 जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
इस बड़ी बरामदगी के बाद कुमारसैन पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के 'बैकवर्ड' और 'फॉरवर्ड' लिंकेज खंगालने में जुटी है। मुख्य फोकस इस बात पर है कि अफीम की इतनी बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था।
आरोपियों को अदालत में पेश किया गया है जहां से पुलिस उनका रिमांड हासिल कर इस गिरोह के अन्य सदस्यों और सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास करेगी। शिमला पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में नशे के खिलाफ इस अभियान को और तेज किया जाएगा।