#अपराध
May 11, 2025
हिमाचल: दो युवकों संग चिट्टा तस्करी करने निकली थी युवती, पुलिस ने धरे; 19, 21 साल के सभी आरोपी
शिमला पुलिस ने रात को नाकाबंदी कर पकड़े नशा तस्कर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल की राजधानी में चिट्टे का कारोबार खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। शिमला पुलिस ने पिछले कुछ ही महीनों में कई बड़े चिट्टा गैंग का पर्दाफाश कर 100 से अधिक आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। बावजूद इसके राजधानी शिमला से चिट्टे का खात्मा नहीं हो रहा है। शिमला पुलिस ने अब दो मामलों में तीन लोगों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। बड़ी बात यह है कि चिट्टे के साथ पकड़े गए आरोपियों में एक 19 साल की युवती भी अरेस्ट हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार शिमला पुलिस की स्पेशल सैल टीम ने बीती रात को तारा देवी नाके पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक कार को भी पुलिस ने चेकिंग के लिए रोका। इस कार में दो युवक और एक युवती सवार थे। यह तीनों ही शिमला निवासी थे। पुलिस ने जब कार की तलाशी ली तो पुलिस को 10.65 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के शहीद पवन का राजौरी स्थित ऑफिस भी हुआ था तबाह, भयावह तस्वीरें आई सामने
पुलिस ने नशे को कब्जे में लेकर आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। वहीं आगामी जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय मोहम्मद उमर निवासी ईदगाह कॉलोनी लक्कड़ बाज़ार, 19 वर्षीय आरुषि शर्मा निवासी गांव बलेन, डाकघर चनोग और 19 वर्षीय रमन ठाकुर निवासी दूधली के रूप में हुई है। पुलिस ने कार और चिट्टे को जब्त कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खड्ड में नहाने गया था 16 साल का रोहित- दोस्तों के सामने ही डूब गया
पुलिस ने तीनों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों अभियुक्तों को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इसी तरह से एक अन्य मामले में पुलिस ने संजौली बाईपास के पास बतीश कॉलोनी के नजदीक गश्त करते हुए एक युवक से 3.040 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय संदीप निवासी आनी जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पुलिस ने इसके खिलाफ पुलिस थाना ढली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को नोटिस पर रिहा कर दिया है।