#अपराध
May 13, 2025
हिमाचल: नशा खरीदने को युवक मंदिर में करता था चोरी, चौथी बार लोगों ने धरा
इससे पहले मंदिर से चुराई मूर्ति जंगल में छिपाई
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में चोरी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। शातिर अब घरों के साथ साथ मंदिरों को भी निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल की राजधानी शिमला से सामने आया है। यहां स्थानीय लोगों ने मंदिर में चोरी करने आए एक चोर को रंगे हाथ धर दबोचा। इस दौरान लोगों ने चोर को की जमकर पिटाई की और उसे रस्सियों से बांध कर पुलिस के हवाले कर दिया। इसमें एक खास बात यह है कि आरोपी चिट्टे का आदी है और अपने महंगे नशे की आपूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा है।
मामला राजधानी शिमला के चिड़गांव में स्थित दुर्गा माता मंदिर का है। इसमें हैरान करने वाली बात यह है कि पकड़ा गया चोर पहली बार नहीं बल्कि चौथी बार मंदिर में चोरी करने आया था। लेकिन इस बार वह कामयाब नहीं हो पाया और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से इस बार यह चोर रंगे हाथ पकड़ा गया। चोर को लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: राशन की दुकान में बिक रहा था चिट्टा, झोला लेकर आते थे नशेड़ी - पुलिस ने मौके पर दबोचा
पुलिस को सौंपी शिकायत में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़ा गया चोर तीसरी बार मंदिर में चोरी करने आया था। आरोपी रविंद्र कुमार को स्थानीय लोगों ने 11 मई की रात को दुर्गा माता मंदिर में चोरी का प्रयास किया था। इस दौरान मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
इस दौरान लोगों ने पहले तो चोर की जमकर पिटाई की और उसके बाद उसे रस्सियांे से बांध दिया। लोगों ने आरोपी रविदं्र से जब सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुलासा किया कि वह इससे पहले भी इस मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। आरोपी रविंद्र कुमार ने कबूल किया कि वह इसी मंदिर में पहले 17 और 18 मार्च की रात, 13 और 14 अप्रैल की रात और उसके बाद 21 और 22 अप्रैल की रात को भी मंदिर के दान पात्र से लगभग 60 हजार की राशि चुराई थी।
बता दें कि इससे पहले 3 मई को खोपटूवाड़ी गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर और नरसिंह मंदिर से 10 हजार रुपए की चोरी हुई थी। इसी दिन नरसिंह देवता मंदिर से लंगर के लिए रखे 25 हजार रुपए, पीतल और तांबे के 2 बर्तन तथा नरसिंह देवता की अष्टधातु की मूर्ति भी चोरी की गई थी। आरोपी ने कबूल किया कि उसने मूर्ति को गुम्मा स्कूल के पास जंगल में छिपा कर रखा है।
पकड़ा गया आरोपी रविंदर कुमार सिरमौर जिले के राजगढ़ तहसील के चुड़वाधार का रहने वाला है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी चिट्टे का आदी है। इसलिए वह चोरी को अंजाम देता था।