#अपराध
April 29, 2026
हिमाचल पुलिस ने पकड़ी पूजा : घर से ढेर सारा चिट्टा बरामद, दोस्तों के साथ मिलकर चला रही थी धंधा
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक तरफ पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर इस अवैध धंधे का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि अब इस काले कारोबार में महिलाओं की संलिप्तता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला जिला शिमला से जुड़ा है, जहां पुलिस ने नशे की खेप के साथ दो युवकों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि नशा तस्करी का जाल समाज में गहराई तक फैल चुका है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र से सामने आया है। यहां पर पुलिस टीम नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि जुब्बल क्षेत्र के एक कमरे में कुछ लोग नशे की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और तुरंत एक टीम बनाकर मौके पर रवाना हो गई। जैसे ही टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, कमरे में मौजूद लोग पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस ने बिना देर किए पूरे कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 20.09 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही तीनों को पकड़कर हिरासत में ले लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी नशे के अवैध कारोबार में शामिल थे और इलाके में इसकी सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओ के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और नशे की सप्लाई कहां से हो रही थी। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।