#अपराध
February 19, 2025
हिमाचल: शाह गैंग के गुर्गे शिमला के वेलफेयर ऑफिसर की जाएगी नौकरी, पुलिस की रिपोर्ट का इंतजार
नशे की तस्करी में पकड़ाया, मां-बाप के बैंक खातों से करता था ऑनलाइन ट्रांजेक्शन
शेयर करें:

शिमला। नशे की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार शिमला के तहसील वेलफेयर ऑफिसर मुकुल चौहान की नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है। मुकुल को शाह गैंग का पर्दाफाश करने के बाद पकड़ा गया था। वह अपने माता-पिता के बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करता था। इस तरह तहसील वेलफेयर ऑफिसर पुलिस के रडार पर आया। वह शिमला के साथ लगते दूधली क्षेत्र का है।
मुकुल चौहान की मिलीभगत हेरोइन तस्कर विजय सोनी से थी। वह तस्करी में शामिल युवाओं के खाने-पीने और रहने का इंतजाम करता था। एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार होने के बाद अब उसकी नौकरी खतरे में है। सरकार उसे सस्पेंड करने की तैयारी में है। इसके लिए पुलिस की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मुकुल चौहान के अलावा पुलिस ने शाह गैंग की सदस्य अंकिता नेगी निवासी मल्याणा शिमला को भी गिरफ्तार किया है।
शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के एक और गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बीती शाम को गुरमीत गैंग के सरगना को 100.590 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा। गुरमीत सिंह मुहुमुआना जिला फरीदकोट पंजाब इस गैंग का सरगना बताया जा रहा है। डेढ़ महीने के भीतर पुलिस के हत्थे चढ़ा यह पांचवां गैंग है। गुरमीत गैंग से पहले शिमला पुलिस शाही महात्मा, शाह गैंग, रंजन और राधे गैंग का पर्दाफाश कर चुकी है। इन गिरोह के 110 से ज्यादा सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
पुलिस ने शाही महात्मा गैंग का भी एक आरोपी गिरफ्तार किया है। शिमला जिला के रोहडू क्षेत्र में शाही महात्मा का संचालन करने वाले तस्कर नीरज जिल्टा को पुलिस ने देर शाम गिरफ्तार किया। डेढ़ महीने पहले शाही महात्मा गैंग का पर्दाफाश होने के बाद से नीरज जिल्टा फरार था।
कांगड़ा एंटी नारकोटिक्स टीम ने गग्गल-धर्मशाला वाया सराह मार्ग पर 2 युवकों को 7.31 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा है। पकड़े गए दोनों नशेड़ी चम्बा जिले के हैं जिनमें से एक पटवारी है तथा दूसरा उसका सहयोगी। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष के बीते 49 दिनों में चिट्टा पकड़े जाने का यह तीसरा मामला है। दोनों चिट्टा नशेड़ियों ने रिमांड में बताया कि वह पिछले 4 साल से चिट्टा के नशेड़ी हैं तथा धर्मशाला घूमने आए थे।