#अपराध
September 6, 2026
हिमाचल: भाई के ट्रक से थी युवक को जलन, खुन्नस में फूंक डाला वाहन- हुआ गिरफ्तार
भाई को कैंटर देने से नाराज था आरोपी
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पारिवारिक रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही भाई के ट्रक को आग के हवाले कर दिया। ट्रक में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू के चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जामली से सामने आया है। जामली में हाईवे किनारे परिवार का एक कैंटर खड़ा था। इसी दौरान किसी ने उसमें आग लगा दी। जिसके बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
कैंटर से धुआं और लपटें उठती देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि कैंटर का सिर्फ एक टायर ही जला। इसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब मामले की कड़ियां जोड़ीं तो सामने आया कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद था। पुलिस ने जामली निवासी बलबंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पता चला कि कैंटर आरोपी की माता के नाम पर दर्ज है। परिवार ने यह कैंटर आरोपी के दूसरे भाई को चलाने के लिए दिया था। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच काफी समय से विवाद और रंजिश चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, इसी नाराजगी में बलबंत सिंह ने कैंटर में आग लगा दी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना के पीछे कोई और वजह तो नहीं थी या इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है। मामले की पुष्टि करते हुए बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बलबंत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।