#अपराध
November 9, 2025
हिमाचल: 9वीं के छात्र ने मासूम से छीनी मां, परिजनों ने बीच सड़क रखी देह- मचा बवाल
शासन पंचायत में माहौल बना तनावपूर्ण
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक नाबालिग ने महिला से जबरदस्ती की, फिर उससे मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। ये मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गया है। मामले में ताजा अपडेट ये है कि मृत महिला के परिजनों ने महिला के शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। परिजनों ने नेशनल हाईवे पर शव रखकर चक्का जाम कर दिया है। परिजनों ने कुछ मांगें सामने रखी हैं जिनके पूरे हुए बिना शव रास्ते से नहीं हटाए जाने की बात कही गई है।
हमीरपुर जिले की शासन पंचायत में माहौल तानवपूर्ण बन गया है। ग्रामीणों ने महिला का शव नेशनल हाईवे पर रखकर चक्का जाम कर दिया है। ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि जिस लड़के ने महिला से गलत किया, उसके नाबालिग होने के सबूत सार्वजनिक किए जाएं।
ग्रामीण आरोपित की उम्र के प्रूफ व महिला के दिव्यांग बेटे गोलू की परवरिश को लेकर लामबंद हैं। सुबह 10 बजे से शिमला-मटौर हाईवे पर जाम लगा हुआ है। ग्रामीणों को आरोपित की उम्र को लेकर डाउट है और वे प्रशासन से वास्तविक उम्र के दस्तावेज चाहते हैं।
ग्रामीणों ने हाईवे पर बैठकर नारेबाजी की और कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे सड़क से नहीं हटने वाले। इस वजह से सड़क की दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। SP व SDM भी मौके पर मौजूद हैं।
पीड़ित महिला का शव शनिवार देर रात PGI चंडीगढ़ से गांव लाया गया था। इसके बाद आज सुबह ग्रामीण विरोध करने लगे हैं। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने भीड़ को शांत करने की कोशिश की लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं हैं।
पूरी घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश बना हुआ है व वे महिला को न्याय दिलवाने की मांग पर डटे हुए हैं। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि मृत महिला के दिव्यांग बेटे की देखभाल कौन करेगा। उन्होंने प्रशासन से बच्चे के भविष्य को लेकर स्पष्ट आश्वासन मांगा है।