#अपराध
November 9, 2025
हिमाचल : बुजुर्ग का मुंह काला कर पहनाई थी जूतों की माला, महिला के खिलाफ केस दर्ज
महिला का जमीनी विवाद में धोखाधड़ी का आरोप- वीडियो हुई वायरल
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल के कांगड़ा जिला के नए पुलिस जिला देहरा में शुक्रवार को एक महिला ने गुस्से में आकर एक बुजुर्ग व्यक्ति का मुंह काला किया और उसे जूतों की माला पहना दी। वहीं, अब इस मामले में पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
SDM कार्यालय देहरा के ठीक बाहर महिला द्वारा बुजुर्ग के साथ किया गया ऐसा अभद्र व्यवाहर देख वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। वहीं, इस घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही थी। जिसके बाद अब पुलिस टीम ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार महिला का आरोप है कि उक्त बुजुर्ग व्यक्ति ने जमीन या लेनदेन से संबंधित विवाद में उसके साथ धोखाधड़ी की है। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही थी, लेकिन कोई सुनवाई न होने पर उसका गुस्सा चरम पर पहुंच गया। गुस्से में आकर महिला सीधे SDM कार्यालय पहुंची और वहीं इस पूरे घटनाक्रम को अंजाम दे डाला।
घटना की जानकारी मिलते ही देहरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला और बुजुर्ग व्यक्ति दोनों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस और कहासुनी भी हुई। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला बुजुर्ग से भिड़ती हुई नजर आ रही है। वह बुजुर्ग को पकड़ कर उसके साथ बहसबाजी कर रही है। वहीं, मौजूद लोगों की भारी भीड़ महिला और बुजुर्ग को छुड़वाने का प्रयास कर रहे हैं। इसी बीच एक पुलिस कर्मी भी महिला को बुजुर्ग से अलग करते हुए दिखाई दे रहा है।
देहरा SDM कार्यालय के बाहर हुई यह घटना प्रशासनिक परिसर की सुरक्षा और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जहां आमतौर पर सरकारी कार्यवाही शांति से होती है, वहीं इस तरह की सार्वजनिक घटना ने न केवल कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक मर्यादाओं की मर्यादा भी तोड़ी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि व्यक्तिगत विवादों को सुलझाने के लिए कानून का रास्ता अपनाना चाहिए, न कि भावनाओं के आवेश में आकर सार्वजनिक रूप से अपमानजनक हरकतें करनी चाहिए।
मामले की पुष्टि करते हुए SP मयंक चौधरी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर देहरा पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही घायल बुजुर्ग का भी मेडिकल करवा लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।