#अपराध
March 22, 2026
हिमाचल में ये क्या हो रहा... छोटी सी बात पर शख्स ने पत्थर से फोड़ दिया व्यक्ति का सिर; मची चीख पुकार
पत्थर लगते ही ढेर होकर जमीन पर गिरा शख्स, परिवार में मची चीख पुकार
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। भजोत्रा पंचायत के रनहोटी गांव में दो लोगों के बीच हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक व्यक्ति ने गुस्से में आकर दूसरे के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में 56 वर्षीय महंतु गंभीर रूप से घायल हो गए] जिसके बाद पूरे परिवार और गांव में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार रनहोटी गांव में महंतु और गांव के ही एक अन्य व्यक्ति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। पहले यह मामूली बहस थी, लेकिन देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी ने आपा खो दिया और पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर महंतु के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के पति-पत्नी चिट्टे की बड़ी खेप के साथ धरे, पंजाब से नशे की सप्लाई लेकर लौट रहे थे दोनों
पत्थर लगते ही महंतु बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर से खून बहने लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और तुरंत बीच-बचाव करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया। समय रहते इलाज मिलने से उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर लिया गया। विजय सकलानी ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे गांव में डर और तनाव का माहौल है। एक छोटी सी कहासुनी का इस तरह खौफनाक रूप लेना लोगों को सोचने पर मजबूर कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते बीच-बचाव न होता तो मामला और भी गंभीर हो सकता था।
यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि गुस्से में लिया गया एक गलत कदम किस तरह किसी की जान पर भारी पड़ सकता है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है।