#अपराध
September 20, 2025
हिमाचल : बुजुर्ग नशा तस्कर का शैतानी दिमाग देख चकराई पुलिस, जानें घर में कहां छुपाता था खेप
16 सदस्यीय पुलिस टीम ने मारी रेड
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा नशा माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टोलरेंस अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। जिसके चलते पुलिस टीम ने एक शातिर और कुख्यात बुजुर्ग नशा तस्कर को नशे की खेप सहित रंगे हाथों पकड़ने के बाद सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला व तहसील सोलन के तहत आते जाडली गांव 72 वर्षीय धनीराम बीते कई सालों से सोलन के कुनिहार, सुबाथू, अर्की और दाड़लाघाट के इलाकों में नशे का काला कारोबार कर रहा था। आरोपी धनीराम कई युवाओं को नशे का आदि बनाकर उन्हें अपना पक्का ग्राहक बना लेता था। हाल ही में सम्पन्न हुए सायर मेले के दौरान धनीराम की नशे में बढ़ती गतिविधियां की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी, जिसके बाद से वह पुलिस के रडार पर था।
सोलन पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तुरंत 16 सदस्यीय विशेष टीम का गठन किया और धनीराम के घर व अन्य प्रोपर्टी पर छापामारी की। तालाशी के दौरान पुलिस को धनीराम के घर से दो तरह के नशीले पदार्थ बरामद हुए, जिनमें 1.622 किलो चरस और 1.624 किलो अफीम थी। शातिर बुजुर्ग आरोपी ने नशे को चालाकी के साथ लकड़ी की पैनलिंग, रसोई के कपबोर्ड और सोफे के अंदर छिपा रखा था। इतना ही नहीं, जिस सोफे के अंदर नशा रखा था। उसके ऊपर भगवान की तस्वीर लगाई गई थी, ताकि किसी को शक न हो। जिसे देखकर पुलिस दंग रह गई।
इतना ही नहीं पुलिस टीम को मौके से नशे के अलावा 2 इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी मिले हैं, जिनका इस्तेमाल नशा तोलने में किया जाता था पुलिस द्वारा उन्हें भी अपने कब्जे में लिया गया है। पुलिस की प्रारम्भिक जांच में पता चला कि, आरोपी धनीराम पहले से ही अपराधिक मामलों में सक्रिय रहा है। जिस पर नशे के अलावा दहेज प्रताड़ना और महिला से छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोपों से जुड़े कुल 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उधर मामले की पुष्टि करते हुए ASP सोलन गौरव सिंह ने बताया कि, आरोपी धनीराम को गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान आरोपी से उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में अहम जानकारी मिलेगी। साथ ही पुलिस आरोपी द्वारा नशे के कारोबार से अवैध तरीके से बनाई संपत्ति की पूरी डिटेल खंगाल रही है।