#अपराध
January 30, 2026
हिमाचल में अब पैदल घूम कर चिट्टा बेच रहे तस्कर, बड़ी खेप के साथ एक युवक धरा
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागर अब आम लोगों की तरह पैदल चलकर नशे की तस्करी करने लगे हैं, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के आगे उनकी एक नहीं चल पा रही है। लगातार की जा रही सख्त कार्रवाई के चलते नशा तस्कर सलाखों के पीछे पहुंच रहे हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला जिला शिमला से सामने आया है, जहां पुलिस ने पैदल जा रहे एक युवक को चिट्टे की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के ठियोग क्षेत्र का है। यहां पर पुलिस टीम बीते वीरवार को गश्त पर थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों और लोगों की तलाशी ली जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक नशे की खरीद-फरोख्त में शामिल है और वह नन्नी से मतियाना की तरफ पैदल जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बर्फ के बीच बह रही नहर में मिला भ्रूण, गांव वालों का फूटा गुस्सा- मां को तलाश रही पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और संबंधित इलाके में घेराबंदी कर दी गई। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी की और जैसे ही संदिग्ध युवक वहां पहुंचा वह पुलिस को देखकर घबरा गया। युवक की संदिग्ध हरकतों को देखते हुए पुलिस टीम ने युवक को रोक लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 9.140 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया। टीम ने बीना देर किए चिट्टे की खेप सहित आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहिंद्र ठाकुर उर्फ आशु, निवासी गांव कलजार, तहसील ठियोग के रूप में हुई है।
आरोपी मोहिंद्र को पुलिस ने NOPS एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में कोई और व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है।
DSP ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।