#अपराध
February 13, 2026
हिमाचल: पैदल नशा सप्लाई करने निकला था युवक, किसी ने पुलिस को कर दी कॉल; बड़ी खेप संग धरा
गश्त के दौरान हुई गिरफ्तारी
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और हर दिन लगभग तीन से चार तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है। बावजूद इसके, अपराधी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। इसी कड़ी में ताजा मामला जिला सोलन से सामने आया है, जहां पुलिस ने नशे की खेप के साथ एक और युवक को गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के परवाणू क्षेत्र का है। यहां बीते वीरवार को पुलिस थाना परवाणू की टीम नियमित गश्त पर थी। टीम इलाके में गुजर रहे सभी व्यक्तियों और वाहनों पर पैनी नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि कामली पुल बाईफ्रिकेशन के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर एक युवक नशे की खेप लेकर पैदल जा रहा है।
यह भी पढ़ें : सियासी अखाड़ा बनी सर्वदलीय बैठक: BJP का वॉकआउट, बोले-केंद्र पर फोड़ रहे "मिस मैनेजमेंट" का ठिकरा
सूचना मिलते ही पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई और युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 7.36 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दीक्षांत उम्र 28 साल पुत्र राजेंदर कासिब, निवासी गांव अन्हेच, डाकघर डगशाई, तहसील और जिला सोलन के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को शुक्रवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी चिट्टा कहां से लाया और इसे किसे सप्लाई करने वाला था।
सोलन पुलिस ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे के गिरफ्त से बचाना और समाज को सुरक्षित बनाना है।