#अपराध
March 19, 2025
CM सुक्खू का ऐलान- विमल नेगी मामले की जांच करेंगे ACS, दोषियों को बख्शेंगे नहीं
जयराम ठाकुर सीबीआई जांच के पक्ष में
शेयर करें:

शिमला। HPPCL के चीफ इंजीनियर विमल नेगी की मौत के मामले की जांच अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) स्तर के अधिकारी करेंगे। इस मामले में जो भी दोषी निकलेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। यह घोषणा बुधवार को हिमाचल विधानसभा में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने की। उन्होंने कहा कि विमल नेगी की पत्नी भी उनसे मिलने आईं थी। सरकार ने उन्हें ढूंढने का पूरा प्रयास किया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस केस की जांच CBI से कराने की मांग की है। जयराम ने विधानसभा में कहा कि हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन (HPPCL) की कार्यप्रणाली को लेकर काफी समय से सवाल उठ रहे हैं। इसलिए इस मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए।
उधर, बिजली बोर्ड इंजीनियर-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने सीएम से मुलाकात के दौरान HPPCL प्रबंधन को बदलने की मांग की है, ताकि जांच के दौरान सबूतों से कोई छेड़छाड़ न हो सके। विमल नेगी की मौत पर बुधवार सुबह बिजली कर्मचारियों ने एम्स बिलासपुर के बाहर प्रदर्शन किया।
शिमला में पावर कॉरपोरेशन कर्मचारी भी प्रबंधन के खिलाफ मुखर हो गए हैं और रोष स्वरूप सुबह के दफ्तर के बाहर बैठे हुए हैं। दफ्तर का गेट सुबह से ही बंद पड़ा है। बताया जा रहा है कि बिलासपुर से विमल नेगी का शव सीधे HPPCL कार्यालय के लिए अंतिम दर्शन को लाया जाएगा।