#अपराध

April 17, 2025

बम की धमकी से थर्राया मंडी, तहव्वुर राणा का नाम आया सामने- पुलिस अलर्ट मोड पर

बम से उड़ाने का धमकी भरा ई-मेल मिला- जांच जारी

शेयर करें:

threat to bomb DC office mandi

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब उपायुक्त कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। इस मेल में साफ तौर पर लिखा गया था कि डीसी ऑफिस को बम से उड़ा दिया जाएगा। यह मेल जिस आईडी से भेजा गया था, उसमें तहव्वुर राणा नाम का इस्तेमाल किया गया था, जो कि 26/11 मुंबई आतंकी हमले का एक बड़ा साजिशकर्ता रह चुका है।

दिनभर चला तलाशी अभियान

मेल मिलने के तुरंत बाद मंडी प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई। डीसी ऑफिस, एसपी ऑफिस और कोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली करवा दिया गया। इसके बाद कुल्लू, मंडी और मध्य मंडी जोन की तीन पुलिस टीमें, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड सहित सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और दिनभर पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार का बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

 

यह भी पढ़ें:  एशिया कप में दिखेगा हिमाचल का लाल- टीम इंडिया में हुआ चयन, गांव में खुशी की लहर

50 जवान तैनात, डीसी ऑफिस पूरी तरह सील

पुलिस ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त कार्यालय परिसर को पूरी तरह सील कर दिया है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि धमकी भरा मेल तहव्वुर राणा नाम की ईमेल आईडी से भेजा गया है। मेल किस सर्वर से आया, इसे किसने भेजा और इसकी असली लोकेशन क्या है, इन तमाम पहलुओं की तकनीकी जांच की जा रही है। फिलहाल एहतियात के तौर पर परिसर में 50 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

डीसी ऑफिस में सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू

उपायुक्त मंडी ने बताया कि अब डीसी कार्यालय में आने वाले हर व्यक्ति की पहचान और तलाशी की जाएगी। किसी भी निजी वाहन को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे सिर्फ जरूरी काम होने पर ही कार्यालय आएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखा जा सके।

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल: पूर्व मंत्री को धमकाने वाला आरोपी अरेस्ट- किसने रची साजिश? अब होगा खुलासा

तहव्वुर राणा का मुंबई हमले से है सीधा संबंध

बताते चले कि तहव्वुर राणा पाकिस्तान की आर्मी में डॉक्टर रह चुका है। वह अमेरिका में 14 साल की सजा काट चुका है और 26/11 हमले के दौरान वह डेविड हेडली के साथ शामिल था। हमले की रेकी और साजिश में उसकी भूमिका थी। उसे हाल ही में अमेरिका से भारत लाया गया है और अब वह NIA की कस्टडी में है।

 

यह भी पढ़ें: पहाड़ों में फिर से आफ़त: तेज़ हवाओं ने डराया, भारी बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी

मुंबई हमले की यादें ताजा

26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादियों ने मुंबई में कई जगहों पर हमला कर 166 लोगों की जान ले ली थी। इसमें होटल ताज, रेलवे स्टेशन और यहूदी केंद्र जैसे स्थान शामिल थे। 9 आतंकी एनएसजी की कार्रवाई में मारे गए, जबकि अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा गया और 2012 में उसे फांसी दे दी गई।

 

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख