#अपराध
June 26, 2025
हिमाचल : शमशान घाट के पास पुलिस ने दबोचे 5 नशेड़ी, बैग से मिला भारी मात्रा में चिट्टा
नशे की जड़ें गहराती जा रही हैं, बीते सप्ताह भी हुई थी बड़ी बरामदगी
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी स्थित सुंदरनगर उपमंडल में नशे के खिलाफ अभियान तेज़ होता जा रहा है। बुधवार दोपहर करीब 1 बजे, पुलिस की उपमंडलीय एसआईयू टीम ने नगर परिषद सुंदरनगर के हरिपुर क्षेत्र में 15 ग्राम चिट्टे के साथ 5 युवकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी उस वक्त हुई, जब टीम शमशानघाट के पास गश्त कर रही थी और बाइक के पास बैठे 5 युवक पुलिस को देख घबरा गए। संदेह के आधार पर जब युवकों की तलाशी ली गई, तो उनके बैग से 15 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में से तीन पंजाब के रहने वाले हैं, जबकि दो सुंदरनगर क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं। पकड़े गए युवकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
एसआईयू ने पांचों युवकों को हिरासत में लेकर सुंदरनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में गत सप्ताह 23 ग्राम चिट्टा पकड़ा गया था। उस केस में 4 में से 3 आरोपी सुंदरनगर के आसपास के ही थे। उनमें से एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अब भी फरार हैं।
पुलिस का कहना है कि सुंदरनगर में कई बड़े शिक्षण संस्थानों की मौजूदगी के चलते यह क्षेत्र नशा तस्करों के निशाने पर आ गया है। एसआईयू की टीम लगातार इलाके में गश्त कर रही थी और उसी निगरानी का यह नतीजा है कि बुधवार को बड़ी कार्रवाई हो सकी।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने कहा कि पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उन्हें रिमांड पर लेने की प्रक्रिया चल रही है ताकि तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।