#अपराध
June 17, 2025
हिमाचल : टीचर की गंदी हरकतों से सहमी मासू*मों ने छोड़ा स्कूल, 5 से कर चुका नीचता- अब हुआ अरेस्ट
कुनिहार के सरकारी स्कूल में शिक्षक ने पांच नाबालिग छात्राओं से की अश्लील हरकतें
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के कुनिहार क्षेत्र में गुरु-शिष्य रिश्ते को कलंकित कर देने वाली घटना सामने आई है। एक सरकारी प्राथमिक स्कूल के शिक्षक ने तीसरी कक्षा में पढ़ रही बच्चियों के साथ अश्लील हरकतें कीं। खबर सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में रोष है।
जानकारी के अनुसार, अर्की निवासी एक महिला ने थाना कुनिहार में शिकायत दर्ज करवाई कि, इकबाल भाटिया नाम का टीचर उसकी बेटी के साथ अश्लील हरकत करता है। बताया जा रहा है कि यह सिलसिला कई दिनों से चल रहा था, लेकिन बच्चियां डर के कारण चुप थीं। जब बच्चियों ने स्कूल जाना बंद किया और रोने लगीं तो अभिभावकों ने पूछा फिर जो सामने आया, उसने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया।
एक सात साल की बच्ची की मां जब शिकायत लेकर कुनिहार थाना पहुंची तो यह सिर्फ एक बच्ची का मामला नहीं रहा। गांव की अन्य महिलाओं से बातचीत में सामने आया कि एक नहीं, कुल पांच छात्राएं इस शिक्षक की शिकार बनी थीं। सभी अभिभावक और पंचायत प्रधान थाने पहुंचे और मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी टीचर इकबाल भाटिया उम्र 53 साल, निवासी तहसील अर्की, जिला सोलन को पोक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। बच्चियों ने बताया कि शिक्षक उन्हें डरा-धमका कर चुप रहने को मजबूर करता था। डर के मारे उन्होंने किसी से कुछ नहीं कहा। अभिभावकों ने जब बच्चियों से प्यार से पूछताछ की तो सभी ने शिक्षक की करतूतें बताईं।
स्कूल जाने के नाम पर बच्चियां अब भी सहमी हुई हैं। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी को सख्त सजा मिले। पुलिस की प्राथमिक जांच में पाया गया कि, वर्ष 2018 में भी आरोपी के खिलाफ अर्की थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 295 के तहत भी एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया था।