#अपराध
February 19, 2026
हिमाचल: 24 घंटे में दूसरा म.र्डर- दोस्तों के साथ शराब पी रहा था शख्स, सुबह नदी किनारे मिली देह
हिमाचल में 24 घंटे में दूसरी हत्या, रोहड़ू में नदी किनारे मिला शव
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आपराधिक घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों के भीतर राज्य में हत्या का दूसरा बड़ा मामला सामने आया है। चंबा में पिछले कल पति द्वारा की गई पत्नी की निर्मम हत्या के बाद ताजा घटना शिमला जिले के रोहड़ू क्षेत्र की है, जहां एक व्यक्ति की हत्या कर शव नदी किनारे फेंक दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
यह मामला चिड़गांव की उपतहसील जांगला के बडियारा क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 46 वर्षीय सेती राम के रूप में हुई है, जो नेपाल मूल का था और स्थानीय स्तर पर मजदूरी कर जीवनयापन करता था। बुधवार सुबह उसका लहूलुहान शव पब्बर नदी के किनारे मिलने से हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें: CM सुक्खू आज जम्मू -कश्मीर जाएंगे: उमर अब्दुल्ला से होगी विशेष चर्चा, मिलकर बनाएंगे केंद्र पर दबाव
पुलिस को प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली है कि मंगलवार शाम सेती राम को उसके कुछ नेपाली साथियों के साथ बडियारा इलाके में शराब पीते हुए देखा गया था। आशंका जताई जा रही है कि नशे की हालत में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसके साथियों ने ही उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के इरादे से शव को नदी किनारे फेंक दिया गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: प्रेमी कपल ने घर बुलाकर की युवक की ह.त्या- नहर में फेंका शव, मिली उम्रकैद की सजा
घटना की सूचना मिलते ही रोहड़ू के डीएसपी प्रणव चौहान पुलिस बल और फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल राज्यसभा चुनाव : बाहरी बनाम लोकल फिर बना मुद्दा, कांग्रेस के सामने चुनौती- BJP भी...
शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है और उनकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।