#अपराध
February 9, 2025
हिमाचल: शाह गैंग के 400 चिट्टा पैडलर ऐसे भेजते थे करोड़ों, पुलिस ने तोड़ा चक्रव्यूह
बैंक लेनदेन में हुआ बड़ा खुलासा, पुलिस खंगाल रही है रिकॉर्ड
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक ओर बढ़ रहे नशे के जाल ने जहां युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले लिया है वहीं, इस मामले में प्रदेश पुलिस ने फी कार्रवाई करते हुए कई चिट्टा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है। अभी हाल ही में चिट्टा तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह शाह गैंग का पर्दाफाश कर 26 लोगों को जेल भिजवाने का काम पुलिस द्वारा किया गया। वहीं, इस मामले में एक और इनपुट सामने आई है. जहां पुलिस ये जानने में कामयाब हुई है कि आखिर शाह गैंग कैसे काम किया करता था।
जानकारी के अनुसार, शाह गैंग में पांच राज्यों के 400 से अधिक लोग शामिल हैं। इस गिरोह के मुख्य सरगना संदीप शाह ने नशे के अवैध कारोबार में कई युवाओं को जोड़ा था, जिनमें से अधिकतर अच्छे परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। पुलिस ने इस मामले में संगठित अपराध की धारा लगाई है और जांच के दौरान दर्जनों संदिग्ध बैंक खातों का पता चलने के बाद पुलिस अब इन पैडलरों के खिलाफ साक्ष्य जुटाने में लगी है।
संदीप शाह एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर है जो कोलकाता से बैठकर दिल्ली से चिट्टा तस्करी का यह पूरा रैकेट चलाता था। वह बेरोजगार और नशे के आदी कॉलेज छात्रों को अपने साथ जोड़ता था। इन युवाओं के माध्यम से शाह नशे की खेप शिमला और अन्य हिस्सों में भेजता था। नशा छोटे-छोटे पैकेट्स में छिपाकर भेजा जाता था और खरीददार की पेमेंट आने के बाद उसे वीडियो और लोकेशन भेजकर नशा लेने को कहा जाता था। संदीप शाह ने इन सब कामों के लिए डार्क वेब का भी इस्तेमाल किया था। पुलिस के मुताबिक, शाह सप्ताह में दस लाख रुपये का लेनदेन करता था और वह तकनीकी रूप से इस पूरे रैकेट को ऑनलाइन चलाता था।
पुलिस को चिट्टे के साथ पकड़े गए युवाओं से पूछताछ के दौरान संदीप शाह का नाम सामने आया। पुलिस ने सूचना के आधार पर उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया। इसके अलावा, दिल्ली से नशे की सप्लाई करने वाले उसके साथी नीरज कश्यप को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस गिरोह से जुड़े हुए अन्य लोगों की गिरफ्तारी की योजना बनाई है।
पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि संदीप शाह के नेटवर्क में 400 लोग जुड़े हैं और इनकी बैंक खातों के जरिए लाखों रुपये का लेन-देन हो रहा था। इस गिरोह के साथ जुड़े लोगों में कई युवाओं और पुलिस कर्मियों का नाम भी सामने आ सकता है, क्योंकि शुरुआती जांच में यह पता चला है कि शाह ने नशे के कारोबार में बड़े पैमाने पर इन लोगों को शामिल किया था।
एसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि संदीप शाह और उसके गिरोह के खिलाफ पुलिस गहनता से जांच कर रही है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नशे की रकम किस प्रकार से शाह तक पहुंचाई जाती थी। इसके अलावा, पुलिस ने नशा सप्लायरों और अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए एक व्यापक योजना बनाई है।