#अपराध
August 21, 2026
हिमाचल : सरकारी दफ्तर के पास नशा बेचने आया था युवक, ढेर सारे चिट्टे संग दो गिरफ्तार
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

शिमला/ सिरमौर। हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आए दिन पुलिस नशे के साथ तस्करों को सलाखों के पीछे ड़ाल रही है। ताजा मामला हिमाचल के दो अलग-अलग जिलों से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने ढेर सारे नशे के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला जिले से सामने आया है। यहां पर झाकड़ी पुलिस की टीम खील ढांक के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान सामने से आ रहे एक युवक को पुलिस ने जांच के लिए रोका।
पुलिस को देख युवक घबरा गया। टीम को युवक की हरकतें संदिग्ध लगी। शक के आधार पर युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की पहचान नीमा दोरजे उर्फ विकास, उम्र 28 साल, पुत्र बाबू तमांग, निवासी झाकड़ी, जिला शिमला के रूप में की है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई पांवटा साहिब में हुई। पुलिस के मुताबिक, SIU की टीम बद्रीपुर चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि तारुवाला में वन विभाग कार्यालय के सामने एक व्यक्ति चिट्टा बेचने का काम कर रहा है।
गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत तारुवाला पहुंची। वहां पुलिस को एक व्यक्ति बैठा हुआ मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम सोहन लाल बताया। वह गांव फुलपुर, डाकघर शिवपुर, तहसील पांवटा साहिब, जिला सिरमौर का रहने वाला है।
पुलिस ने नियमानुसार सोहन लाल की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.75 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और नशीले पदार्थ को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास चिट्टा कहां से आया और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।