#अपराध
July 24, 2025
हिमाचल : काम से सचिवालय आया शख्स चौथी मंजिल से गिरा, नहीं बच पाया बेचारा
सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी डीएस ठाकुर की गिरने से मौत, पुलिस जांच में जुटी
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा ज़िले में वीरवार सुबह मिनी सचिवालय की चौथी मंजिल से गिरकर एक वरिष्ठ नागरिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान सीनियर सिटीजन फोरम कांगड़ा के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी डीएस ठाकुर के रूप में हुई है।
हादसा सुबह के समय हुआ जब वे किसी कार्य के सिलसिले में सचिवालय पहुंचे थे। जैसे ही वे ऊपर गए, कुछ ही देर में वे चौथी मंजिल से नीचे गिर गए। गंभीर रूप से घायल डीएस ठाकुर को टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : राज्यपाल शुक्ला की सुक्खू सरकार को फटकार: बोले-कब जागोगे.. जब हिमाचल बन जाएगा उड़ता पंजाब
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि यह कोई महज दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। जिस तरह से डीएस ठाकुर जैसे संयमी और अनुभवी व्यक्ति ऊंचाई से गिरे, उस पर कई लोगों को संदेह है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
डीएस ठाकुर कांगड़ा तहसील चौक के समीप अपने निजी निवास में रहते थे। उनके दो बेटे अमेरिका में बसे हुए हैं जबकि बेटी की शादी कांगड़ा के बीरता में हुई है। उनके दामाद जलशक्ति विभाग में अधिशाषी अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। डीएस ठाकुर एक प्रतिष्ठित और संसाधन-संपन्न परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके समाजसेवी कार्यों के चलते कांगड़ा क्षेत्र में उनकी खासी पहचान थी।
यह भी पढें: हिमाचल के उत्कर्ष की देशभर में चमक- JRF परीक्षा में मारी बाजी, टॉप कर बढ़ाया परिवार का मान
बताया जा रहा है कि जैसे ही डीएस ठाकुर नीचे गिरे, वह घटनास्थल पर ही अचेत हो गए थे। टांडा अस्पताल पहुंचने तक उन्होंने दम तोड़ दिया। अब यह साफ नहीं है कि वे अचानक चक्कर खाकर गिरे, किसी ने धक्का दिया या फिर कोई अन्य वजह रही पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी है और सचिवालय परिसर में काम करने वाले कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों से पूछताछ की जा रही है। अगर किसी ने घटना के समय कुछ संदिग्ध देखा हो तो पुलिस ने उनसे सामने आने की अपील की है।