#अपराध

August 6, 2025

हिमाचल: 100 लोगों से फाईनेंस करवाई गाड़ी को हड़प लिया- ना क़िस्त भरी, ना पैसा दिया

कांगड़ा के ज्वालामुखी में सक्रिय था शातिर गिरोह, पुलिस कर रही हाई-प्रोफाइल गैंग से कनेक्शन की जांच

शेयर करें:

vehicle rental scam

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी उपमंडल से एक बड़ा ठगी और संगठित अपराध का मामला सामने आया है। यहां एक शातिर गिरोह ने सरकारी विभागों में गाड़ियां किराए पर लगवाने का झांसा देकर लोगों से न केवल लाखों की ठगी की, बल्कि बाद में उन्हीं गाड़ियों का इस्तेमाल नशे के धंधे में किया गया।

सरकारी संपर्कों का झांसा देकर फंसाया

ज्वालामुखी निवासी नीरज कुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अप्रैल 2024 में उसकी मुलाकात प्रमोद कुमार नामक पुराने सहयोगी के माध्यम से रत्नेश्वर सिंह नामक व्यक्ति से हुई। रत्नेश्वर ने खुद को रसूखदार और सरकारी विभागों में ऊंचे संपर्कों वाला बताया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक तरफा प्यार में पड़ा बाबा, युवती की छीनी जिंदगी- डेरे के पीछे गाड़ दी देह

उसने नीरज से कहा कि वह उसकी कार किसी सरकारी विभाग में किराए पर लगवा देगा, जिससे हर महीने 15,000 रुपये की आमदनी होगी। झूठे आश्वासनों और लालच में आकर नीरज ने अपने दस्तावेज रत्नेश्वर को सौंप दिए।

गाड़ी फाइनेंस कर कब्जे में ली

रत्नेश्वर ने नीरज के नाम पर एक नई गाड़ी फाइनेंस करवाई और फिर उसे अपने कब्जे में ले लिया। शुरुआत में कुछ पैसे मिलने का भरोसा भी दिलाया गया, लेकिन जनवरी 2025 के बाद न तो किस्तें दी गईं और न ही कोई आमदनी नीरज को दी गई। अब आरोपी का फोन भी बंद है और संपर्क नहीं हो रहा।

गाड़ियां नशा तस्करी में इस्तेमाल

पुलिस जांच में सामने आया है कि कई गाड़ियां जिनके लिए झांसा दिया गया था, उन्हें नशे की तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा है। कुछ गाड़ियों की हालत और गतिविधियां इस ओर इशारा करती हैं कि वे 'चिट्टा' (सिंथेटिक ड्रग्स) की तस्करी में लगी थीं। नीरज को शक है कि कुछ वाहन विश्नोई गैंग तक भी पहुंचाए गए हैं। यह वही गैंग है जो देशभर में हथियार और नशा तस्करी के मामलों में कुख्यात है।

एक नहीं, दर्जनों लोग हुए शिकार

जांच के दौरान सामने आया है कि नीरज अकेला नहीं है। गिरोह ने अब तक करीब 100 लोगों को इसी तरह ठगा है। सभी से दस्तावेज लेकर गाड़ियां फाइनेंस करवाई गईं और बाद में उन पर कब्जा कर लिया गया। कुछ गाड़ियां बरामद हो चुकी हैं, लेकिन दर्जनों अब भी लापता हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बारिश का कहर जारी : 4 जिले हाई अलर्ट पर- स्कूलों में छुट्टियां घोषित

28 गाड़ियां बरामद

देहरा जिला के एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि यह मामला बेहद गंभीर है और इसकी जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। अब तक 28 गाड़ियां बरामद हो चुकी हैं और बाकी की तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है।

लोगों में भय और तनाव का माहौल

जिन लोगों ने फाइनेंस पर गाड़ियां ली थीं, वे अब किस्तें न चुका पाने के कारण मानसिक तनाव में हैं। बैंक का दबाव, पुलिस केस और गाड़ी की गैरमौजूदगी ने उनकी जिंदगी में संकट खड़ा कर दिया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख