#अपराध
June 14, 2025
हिमाचल: कई जिलों में फैला रखा था नशे का नेटवर्क, पुलिस ने कार से धरी चरस की बड़ी खेप- 2 अरेस्ट
गाड़ी की सीट के नीचे छिपाई थी चरस
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को उस समय बड़ी सफलता मिली जब बिलासपुर पुलिस की विशेष डिटेक्शन टीम ने शनिवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर थापना टनल नंबर-2 के पास नाका लगाकर 533.6 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने दो तस्करों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया है, जो नशे की यह खेप मंडी से बिलासपुर लेकर आ रहे थे।
पुलिस ने बताया कि ये दोनों मंडी के भराड़ी क्षेत्र से एक टाटा नेक्सॉन कार (CH 01CK 5036) में सवार होकर आ रहे थे। थापना टनल के पास जब इनकी गाड़ी रोकी गई और तलाशी ली गई, तो को-पैसेंजर सीट के नीचे से चरस बरामद की गई।
1. अतुल शर्मा (26), निवासी धर्मपुर, मंडी
2. पृथी चंद (35), निवासी जोगिंदर नगर, मंडी के रूप में हुई है।
पृथी चंद को पुलिस एक कुख्यात तस्कर मान रही है, जिसने मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में अपना नेटवर्क फैला रखा है। पुलिस के मुताबिक, मंडी और हमीरपुर की इंटेलिजेंस टीमें काफी समय से इसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थीं, लेकिन पहली बार बिलासपुर पुलिस ने उसे रंगे हाथ पकड़ा है।
इस पूरे मामले में स्वरघाट थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
डीएसपी मदन धीमान ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में फैले नशा रैकेट की कमर तोड़ने वाली साबित होगी। हिमाचल को नशा मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है और पुलिस इसी लक्ष्य के तहत सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस लगातार नशे के सौदागरों को पकड़ने में लगी है।