#अपराध
March 13, 2026
हिमाचल : चिट्टा तस्करी का नया तरीका ; पानी की बोतल में सीक्रेट चैम्बर, अन्दर से निकला लाखों का पाउडर..
खंगाले जा रहे हैं आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशा कारोबारियों द्वारा अपनाए जा रहे तस्करी के नए-नए तरीके से पुलिस भी हैरान हो रही है, ताजा मामला प्रदेश की राजधानी शिमला से सामने आया है, जहां जिले के कुमारसैन थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के एक नए तरीके का खुलासा करते हुए चिट्टे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुमारसैन पुलिस थाना की एक टीम NH-05 पर लवाण संपर्क मार्ग के पास चील मोड़ के नजदीक अपनी रूटीन गश्त कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे तीन युवक संदिग्ध हालत में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे घबराए हुए नजर आए और नीचे की ओर जाने लगे, जिससे पुलिस को शक हुआ।
पुलिस ने तीनों को रोककर उनके बैग की तलाशी ली। पहले दो युवकों के पास से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन तीसरे व्यक्ति के पिट्ठू बैग में कपड़ों के बीच एक काले रंग की प्लास्टिक की पानी की बोतल मिली। बोतल खाली थी, लेकिन जब पुलिस ने उसका निचला हिस्सा खोलकर जांच की तो उसमें बनाए गए सीक्रेट चेंबर से एक पारदर्शी पुड़िया बरामद हुई। जांच में उसमें 12.36 ग्राम चिट्टा पाया गया।
पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राहुल लारजू पुत्र जिया लाल उम्र 49 साल, निवासी बौंडा (रामपुर), शुभम खन्ना पुत्र मंगत राम उम्र 31 साल, निवासी सराहन (रामपुर) और विकास मिंज पुत्र सुखराम मिंज उम्र 26 साल, ओडिशा निवासी के रूप में हुई है। बरामद चिट्टा राहुल लारजू के बैग से मिला बताया जा रहा है।
पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच के दौरान यह पता लगाया जा रहा है कि नशा कहां से लाया गया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक भी खंगाले जा रहे हैं।