#अपराध

October 8, 2025

हिमाचल: 5 माह की गर्भवती निकली किशोरी, जांच के बीच सौतेले पिता ने खत्म कर ली जिंदगी 

डीएनए टेस्ट से होगा असली आरोपित का खुलासा

शेयर करें:

Mandi News
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक नाबालिग पांच माह की गर्भवती पाई गई। इतना ही नहीं जब इस मामले की जांच शुरू हुई तो पीड़िता के सौतेले पिता ने आत्महत्या कर ली है। इस मामले ने पूरे जिला को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस अब डीएनए टेस्ट के जरिए इस पूरे मामले की सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

पेट दर्द की शिकायत के बाद हुआ मामला उजागर

जानकारी के अनुसार एक अक्टूबर को मंडी जिले के एक थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। नाबालिग को अचानक पेट दर्द की शिकायत हुई। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जांच के दौरान डॉक्टर ने जो बात परिजनों का बताई, उसे सुन उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। डॉक्टर ने बताया कि नाबालिग पांच माह की गर्भवती है। जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
 

सौतेले पिता सहित कुछ अन्य पर था संदेह

पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू की। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में किशोरी को सीडब्ल्यूडी बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया, लेकिन वह किसी भी व्यक्ति का नाम बताने में असमर्थ रही। इसके बाद उसे वापस मां के हवाले कर दिया गया। किशोरी के गर्भवती होने के मामले में पुलिस को उसके सौतेले पिता और कुछ अन्य लोगों पर संदेह हो रहा था। 
 

डीएनए टेस्ट से असली आरोपी तक पहुंचेगी पुलिस

पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए परिजनों के सैंपल लिए ताकि डीएनए टेस्ट के माध्यम से असली आरोपी तक पहुंचा जा सके। लेकिन इस सब के बीच मामले में उस समय नया मोड आ गया, जब गर्भवती किशोरी के सौतेले पिता ने आत्महत्या कर ली। अब पुलिस ने इस मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस डीएनए टेस्ट के माध्यम से असली आरोपी तक पहुंचना चाहती है। पुलिस ने किशोरी के सौतेले पिता, उसके जैविक पिता और अन्य नजदीकी रिश्तेदारों के ब्लड सैंपल लिए हैं।

चार दिनों में पूरी होगी डीएनए प्रक्रिया

पुलिस सूत्रों के अनुसार नाबालिग की उम्र काफी कम होने के कारण जांच प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अगले चार दिनों में डीएनए टेस्ट पूरा कर लिया जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद असली आरोपित की पहचान हो जाएगी। डीएसपी देवराज ने बताया कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले की जांच के दौरान सौतेले पिता ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मृतक सौतेले पिता सहित जैविक पिता और कुछ अन्य रिश्तेदारों के सैंपल एकत्र कर लिए हैं। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख