#अपराध
February 20, 2025
हिमाचल: शिकारी हो गया शिकार, नहीं झेल पाया अपनी ही बंदूक का वार
जंगल में शिकार करने गए युवक की गई जान
शेयर करें:
सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जंगलों में कई लोग अकसर शिकार करने के इरादे से जाते हैं। लेकिन कई बार जंगल में शिकार करने गए यह लोग खुद अपनी ही जान गंवा बैठते हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से सामने आया है। यहां शिकार करने गए एक युवक की खुद की गोली लगने से मौत हो गई है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मंडी जिला के सुंदरनगर में देर रात को बुधवार गुरुवार की मध्य रात्रि गनसाड़ी खड्ड में यह घटना घटी है। जिसमें एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। यह युवक अपने अन्य दोस्तों के साथ जंगल में शिकार करने गया था। इसी दौरान अचानक चली गोली इस युवक की जांघ में जा लगी, और युवक की मौत हो गई। हालांकि युवक को अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल - ये कैसा प्यार! पति को लिव इन पाटर्नर ने किया बदनामए सपोर्ट में उतरी पत्नी
घटना की सूचना मिलते ही बीएसएल कालोनी पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आज गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और आगामी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने जिस बंदूक से गोली चली, उसे भी अपने कब्जे में ले लिया है।
इस हादसे में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान 33 वर्षीय दिनेश कुमार पुत्र ठाकुर दास निवासी औकल डाकघर रोहांडा तहसील निहरी के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनेश अपने दो तीन दोस्तों के साथ बुधवार की रात को जंगल में शिकार करने गया था। इसी दौरान अचानक एक बंदूक से चली गोली दिनेश की जांघ पर जाकर लगी।
गोली लगने से उसकी हालत बिगड़ने लगी तो उसके दोस्त उसे किसी तरह सड़क तक लेकर आए, वहां से उसे वाहन में रोहांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां पर मौजूद चिकित्सकों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। मामले क पुष्टि करते हुए एसपी साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।