#अपराध
February 23, 2026
हिमाचल: शराबी पति की प्रताड़ना से परेशान थी पत्नी, मां-बेटी ने एक साथ निगल लिया ज*हर
गंभीर हालत में टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर
शेयर करें:

मंडी। घरेलू हिंसा जब हद से बढ़ जाती है तो वह केवल रिश्तों को ही नहीं, बल्कि जिंदगियों को भी तोड़ देती है। कई बार हालात इतने असहनीय हो जाते हैं कि पीड़ित व्यक्ति निराशा में ऐसा कदम उठा लेता है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला जिला मंडी से सामने आया है, जहां पति की कथित प्रताड़ना से तंग आकर एक महिला ने अपनी बेटी के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। इस घटना ने न सिर्फ परिवार को, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला मंडी जिले के जोगिंद्रनगर के भराड़ू क्षेत्र के आलगा-बाड़ी गांव का है। यहां 52 वर्षीय सुमना देवी और उसकी बेटी पूनम ने घर पर ही किसी जहरीली चीज का सेवन कर लिया। बताया जा रहा है कि घटना के समय दोनों घर में ही थीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में बड़ा प्रॉपर्टी घोटाला: मालिक बन दंपति ने बेच दिया किसी और का फ्लैट; ऐसे हुआ खुलासा
कुछ देर बाद जब उनकी हालत बिगड़ने लगी तो परिजनों और आसपास के लोगों को शक हुआ। जैसे ही मामले की जानकारी मिली, तुरंत 108 एंबुलेंस को फोन किया गया। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों मां-बेटी को सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मां सुमना देवी की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जबकि बेटी की हालत भी स्थिर नहीं बताई जा रही। डॉक्टरों की टीम लगातार दोनों की निगरानी कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: कार चालक की लापरवाही से गिरा बाइक सवार, सामने से आ रही बस ने कुचला- हुई मौ.त
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे घरेलू हिंसा की आशंका है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुमना देवी का पति बेसर राम काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता है। आरोप है कि जब भी वह घर लौटता था, तो शराब के नशे में धुत्त होकर पत्नी और बेटी के साथ गाली-गलौज करता और मारपीट करता था। लंबे समय से चल रहे इस मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के कारण सुमना देवी काफी परेशान रहती थी।
बताया जा रहा है कि लगातार तनाव और प्रताड़ना से तंग आकर मां-बेटी ने यह खौफनाक कदम उठाया। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पूरी सच्चाई सामने आने का इंतजार है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : रेहड़ी की आड़ में चला रहा था चिट्टे का धंधा, पुलिस ने बस अड्डे से दबोचा तस्कर
जोगिंद्रनगर पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अस्पताल में पीड़ितों के बयान दर्ज करने की तैयारी में है। साथ ही घटनास्थल से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि घटना के वक्त घर में कोई और मौजूद था या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर घरेलू हिंसा और प्रताड़ना के आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।