#अपराध
July 22, 2026
हिमाचल : कमाने गए पति के पीछे पत्नी ने चलाया अफेयर- घर लौटने पर प्रेमी संग की धुनाई
कांगड़ा में काम करता है शिकायतकर्ता
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगेंद्रनगर उपमंडल से एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। आरोप है कि परिवार का भरण-पोषण करने के लिए बाहर नौकरी करने गए एक व्यक्ति के घर लौटने पर उसे पता चला कि उसकी पत्नी किसी अन्य व्यक्ति के साथ रह रही है। जब उसने इस पर आपत्ति जताई तो कथित तौर पर पत्नी और उसके साथ रह रहे व्यक्ति ने मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को दी गई शिकायत में नोहली गांव निवासी जय सिंह ने बताया कि वह रोजी-रोटी कमाने के लिए कांगड़ा जिले में वेल्डर का काम करता है।
काम के सिलसिले में वह लंबे समय तक घर से बाहर रहता था, जबकि उसकी पत्नी जोगेंद्रनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही थी। जब वह कुछ समय बाद घर लौटा तो उसने देखा कि उसकी पत्नी के साथ एक अन्य व्यक्ति भी उसी मकान में रह रहा है।
शिकायत के अनुसार, जब जय सिंह ने इस बात पर आपत्ति जताई और उस व्यक्ति से घर छोड़ने को कहा, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दूसरे व्यक्ति और उसकी पत्नी ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित का कहना है कि मारपीट में उसे चोटें आईं और अपनी जान बचाने के लिए वह किसी तरह वहां से निकलकर सीधे पुलिस के पास पहुंचा।
पीड़ित की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना सामने आने के बाद यह मामला स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।