#अपराध
May 14, 2026
हिमाचल घूमने आया युवक लापता : आखिरी बार दोस्तों के साथ कैफे में हुई बात, पुलिस कर रही पूछताछ
संभावित स्थानों पर पुलिस लगातार कर रही है तलाश
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश इन दिनों पर्यटकों की रौनक से गुलजार हुआ पड़ा है। मगर इस बीच कुछ पर्यटकों के साथ अप्रिय घटनाएं सामने आने के मामले भी पेश आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला प्रदेश के जिला कुल्लू से सामने आया है। यहां घूमने आए दिल्ली के एक युवा पर्यटक के अचानक लापता होने से सनसनी फैल गई है। 24 वर्षीय युवक अपने दोस्तों के साथ वेचिंग वैली में ठहरा हुआ था जो रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया है।
जानकारी के अनुसार युवक 7 मई को अपने दोस्तों के साथ मलाणा घूमने पहुंचा था। सभी युवक वेचिंग वैली के एक कैफे में ठहरे हुए थे। बताया जा रहा है कि 10 मई को मोहित अपने साथियों से यह कहकर बाहर निकला कि वह कुछ सामान लेने जा रहा है, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
लापता युवक की पहचान मोहित चौधरी निवासी दिल्ली कैंट के रूप में हुई है। शुरुआत में दोस्तों ने खुद आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। देर रात तक जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद दोस्तों ने मणिकर्ण पुलिस थाना पहुंचकर युवक के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। आसपास के कैफे संचालकों, स्थानीय लोगों और ट्रैकिंग रूट्स पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस संभावित स्थानों पर लगातार तलाश अभियान चला रही है। पार्वती घाटी और मलाणा क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में बिना गाइड और बिना पंजीकरण के न जाएं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान साथियों से लगातार संपर्क बनाए रखना जरूरी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके। फिलहाल पुलिस की टीमें युवक की तलाश में जुटी हुई हैं और हर संभावित पहलू की जांच की जा रही है।