#अपराध
April 19, 2025
हिमाचल: पंचायत उप प्रधान, उसके जीजा ने मां-बेटे को धुना, सड़क से नीचे फेंका
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
शेयर करें:

कुल्लू। एक हफ्ते पहले मां की पिटाई और फिर अब उसके बेटे को बेरहमी से पीटकर सड़क से नीचे फेंककर फरार हुए पूर्व उपप्रधान और उसके साले को पुलिस तलाश कर रही है। मामला कुल्लू जिले के बंजार उपमंडल में पढ़ारणी गांव का है। दोनों ने एक सप्ताह पहले 70 साल की महिला को पीटकर अस्पताल पहुंचा दिया। अब दोनों ने महिला के बेटे की जमकर पिटाई की है। बेटे कूर्म दत्त उर्फ केडी पालसरा को गंभीर हालत में कुल्लू अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
कूर्म दत्त ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसकी पंचायत के पूर्व उपप्रधान बलवीर ने एक सप्ताह पहले ही उसकी मां को डंडे से बुरी तरह पीटा था। उसने बताया कि मां का कुल्लू अस्पताल में एक हफ्ते तक इलाज चला। 16 अप्रैल को मां की अस्पताल से छुट्टी हो गई तो कूर्म दत्त उन्हें पहली गाड़ी से घर भेजकर दूसरी बस से अपनी पंचायत चकुरठा जा रहा था। तभी भुइंकापुल-कोटला मार्ग पर कटहुड़ी गाड़ के पास पूर्व उप प्रधान बलवीर के साले राजेंद्र ने कूर्म दत्त को बस से उतरवा लिया और फिर जीजा-साले ने मिलकर उसकी बेतहाशा पिटाई की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: गरीब मां की आंखों के सामने नदी ने छीन ली लाड़ली बेटी, इलाके में पसरा मातम
पिटाई के कारण गंभीर चोटें आने से कूर्म दत्त बेहोश हो गया। बलवीर और उसके साले ने उसे मरा हुआ समझकर सडक के नीचे धकेल दिया और फरार हो गए। कूर्म दत्त के सिर, आंख, कान और टांगों में गंभीर चोटें आई हैं। उसका कुल्लू अस्पताल में इंलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: ज्वाला माता मंदिर के पास खाई में गिरी JCB मशीन, 4 लोग थे सवार- 2 ही बच पाए
पुलिस को बयान में कूर्म दत्त ने इस मारपीट का कोई कारण नहीं बताया है। उसका कहना है कि बलवीर और उसके साले से उनके परिवार की कोई दुश्मनी नहीं है। उसने बताया कि बस के चालक ने उसे और पिटने से बचाया, वरना जीजा-साले उसकी जान ले लेते।
यह भी पढ़ें : हिमाचल दोस्तों के साथ घूमने आया पर्यटक 500 फीट खाई में गिरा, नहीं बच पाया
पुलिस ने मां-बेटे पर हुए इस जानलेवा हमले की शिकायत दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने फरार उप प्रधान और उसके साले की खोज शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही इस राज से परदा उठ पाएगा कि दोनों ने बिना बात या झगड़े के कूर्म दत्त और उसकी मां को क्यों पीटा। मामले की पूरी तफ्तीश के बाद ही पुलिस आगे की धाराएं लगाकर कार्रवाई करेगी।