#अपराध
May 16, 2025
हिमाचल : दोस्तों के साथ ट्रैकिंग पर निकला युवक हुआ लापता, परिजनों को सताने लगी चिंता
खीरगंगा ट्रैक पर निकला था युवक, बीच रास्ते से हुआ गायब
शेयर करें:

कुल्लू। देवभूमि कहे जाने वाला हिमाचल प्रदेश एक पर्यटन राज्य है। गर्मी के मौसम में बाहरी राज्यों के लोग यहां घूमने के लिए आते हैं। जिसमें अधिकतर पर्यटक पहाड़ों पर ट्रैकिंग का आनंद भी लेते हैं। लेकिन कई बार पहाड़ों की सैर करने निकले यह पर्यटक हादसों का शिकार भी हो जाते हैं। वहीं कई पर्यटक इन पहाड़ों पर खो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के कुल्लू जिला से सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू जिला की पार्वती वैली में खीरगंगा पर निकला एक युवक अचानक से लापता हो गया है। यह युवक अपने दोस्तों के साथ खीरगंगा ट्रैक पर गया था। इस दौरान वह अचानक अपने दोस्तों से बिछड़ गया और कहीं लापता हो गया। दोस्तों ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी। जिसके बाद प्रशासन ने युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें भेजी है। वहीं युवक के इस तरह से अचानक गुम होने से उसके परिजनों को किसी अनहोनी की चिंता सताने लगी है। परिवार बेटे की सलामती की प्रार्थना कर रहा है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की अनदेखी का खामियाजा भुगतेगी आम जनता, थम सकते हैं 108 एंबुलेंस के पहिये
बताया जा रहा है कि युवक शिमला का रहने वाला है और अपने दोस्तों के साथ खीरगंगा ट्रैक पर निकला था। ट्रैकिंग करते हुए जब युवक टुंडाभोज पहुंचे, तो अचानक शिमला निवासी साहिल पने साथियों से बिछड़ गया। साथियों ने उसे ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया। काफी समय तक दोस्त की तलाश करने के बाद भी जब वह नहीं मिला तो उसके साथियों ने मणिकर्ण पुलिस थाना में साहिल की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर युवक की तलाश के लिए एक रेस्क्यू टीम को खीरगंगा ट्रैक पर भेज दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही युवक को तलाश कर लिया जाएगा। वहीं जवान बेटे के इस तरह से गुम होने की सूचना से उसके परिजन भी काफी परेशान हैं।
यह भी पढ़ें : LPU में विदेशी छात्र की ह*त्या कर फरार हुए युवक, 6 हिमाचल से अरेस्ट - अभी भी जांच जारी
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी डॉ कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू टीमों को रवाना कर दिया गया है। इसमें पुलिस जवानों के साथ स्थानीय ट्रैकिंग एजेंसियों से जुड़े लोग भी शामिल हैं।