#अपराध
February 20, 2026
हिमाचल: किराये के कमरे में चिट्टे की पुड़िया बनाकर बेचता था 21 वर्षीय युवक, नगदी संग धरा
युवक की उम्र देख कर पुलिस भी हैरान, 40 ग्राम चिट्टा, तौल मशीन और नगदी बरामद
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी है, लेकिन चिंताजनक पहलू यह है कि अब कम उम्र के युवा भी इस अवैध धंधे में उतर रहे हैं। कई युवाओं ने तो इसे कमाई का साधन बना लिया है और छोटी उम्र में नशे की बड़ी खेप सप्लाई करने निकल रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के कुल्लू जिला से सामने आया है। यहां मात्र 21 साल का युवक चिट्टे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल भूंतर क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक रिहायशी मकान के भूतल पर संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दबिश दी। तलाशी के दौरान किरायेदार के कमरे से करीब 40 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 4500 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और अन्य सामान भी बरामद किया। इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की मौजूदगी इस ओर संकेत करती है कि नशे की पुड़िया तैयार कर माप-तौल के साथ बेची जा रही थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में खोली फर्जी कंपनी: लालच देकर लोगों से इनवेस्ट करवाए करोड़ों रुपए; ताला लगाकर हुई फरार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य निरोधक कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि युवक को यह नशीला पदार्थ कहां से मिल रहा था और इसके पीछे कौन.कौन लोग जुड़े हो सकते हैं। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अर्जन मसीह निवासी शमशी कुल्लू जिला के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गजब के चोर: दो घरों को बनाया निशाना, कीमती सामान के साथ सोफा-बेड- रजाईयां भी नहीं छोड़ीं
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि युवाओं को इस दलदल में फंसने से रोका जा सके।
यह भी पढ़ें : जयराम सरकार ने जनता के पैसे से खड़े किए थे "महल", केंद्र ने लोगों की प्यास बुझाने को भेजा था पैसा
कुल्लू से सामने आया यह मामला एक बार फिर संकेत देता है कि नशे का जाल केवल बड़े गिरोहों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवा वर्ग भी तेजी से इसकी चपेट में आ रहा है। समाज और परिवारों के लिए यह गंभीर चेतावनी है कि समय रहते जागरूकता और कड़े कदम जरूरी हैं।