#अपराध
June 14, 2026
हिमाचल : कार में लाखों का चिट्टा भर सप्लाई करने निकले थे दो युवक, पुलिस से हुआ सामना पहुंचे जेल
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में पुलिस प्रशासन नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। पुलिस आए दिन नशे की खेप के साथ तस्करों को सलाखों के पीछे डाल रही है। अब ताजा मामला जिला कांगड़ा से पेश आया है। यहां पर पुलिस ने लाखों के चिट्टे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार कर सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के कंडवाल चेकपोस्ट का है। यहां पर CIA टीम ने नशे के खिलाफ गश्त पर थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान सामने से आ रही एक कार को तलाशी के लिए रोका
यह भी पढ़ें : 2027 में कौन होगा हिमाचल भाजपा का सीएम चेहरा, जेपी नड्डा के संकेत से दावेदारों में मची खलबली
कार में सवार युवकों से जब पुलिस ने पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए और अपनी बातों को लेकर टालमटोल करने लगे। युवकों की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस को शक हुआ। इसके बाद टीम ने कार की गहन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस को युवकों के पास से 43.56 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल घूमने आए थे 3 युवक और 2 युवतियां, कई पलटे खाते खाई में गिरी गाड़ी, मची चीख-पुकार
मामले की पुष्टि करते हुए SP नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम नशा तस्करों पर लगातार नजर रख रही है। इसी कड़ी में सीआईए टीम ने कंडवाल चेकपोस्ट पर कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह मामला सिर्फ दो युवकों तक सीमित नहीं हो सकता। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे एक बड़ा सप्लाई नेटवर्क काम कर रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिलने की बात भी सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि नशे की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: हंसते-खेलते परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 24 वर्षीय युवक ने कमरे में खत्म कर ली जिंदगी
नूरपुर पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस लगातार नाकाबंदी और गश्त के जरिए नशा तस्करों पर नजर बनाए हुए है।