#अपराध

July 13, 2026

हिमाचल : पहले लूटा... फिर म.रा समझ जंगल में फेंका ड्राइवर, 84 दिन बाद हारा जिंदगी की जंग

होशियारपुर जाने के लिए बुक की थी टैक्सी

शेयर करें:

Kangra News

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में लूट की नीयत से किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल टैक्सी चालक मेहर सिंह ने 84 दिन तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार दम तोड़ दिया। टांडा मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उनकी मौत होने के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर है। अब इस मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं को बदलकर हत्या का मामला दर्ज किया है।

होशियारपुर जाने के लिए बुक की थी टैक्सी

घटना 16 अप्रैल की है, जब दो युवकों ने टैक्सी चालक मेहर सिंह की गाड़ी होशियारपुर जाने के लिए किराए पर ली थी। सफर के दौरान दोनों ने चालक को निर्धारित मार्ग छोड़कर सुनसान इलाके से वाहन ले जाने के लिए मजबूर किया। पुलिस जांच के अनुसार, पहले से बनाई गई साजिश के तहत आरोपियों ने एकांत स्थान पर पहुंचते ही चालक पर चाकू से हमला कर दिया।

 

यह भी पढ़ें : सड़क धंसते ही हवा में लटकी HRTC बस.. अंदर सवार थे 30 लोग, मची चीख-पुकार

 

हमले के बाद आरोपियों ने रस्सी से टैक्सी चालक का गला दबाया और उसे मृत समझकर जंगल में फेंक दिया। इसके बाद दोनों युवक टैक्सी लेकर होशियारपुर पहुंचे और वहां वाहन को लावारिस छोड़कर अपने घर लौट गए। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने चालक से नकदी और उसकी उंगली में पहनी सोने की अंगूठी भी लूट ली थी।

आरोपियों ने कबूल किया अपना जुर्म

अगले दिन जब टैक्सी चालक घर नहीं लौटा तो उसके भाई ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल में तलाश अभियान चलाया।

 

यह भी पढ़ें : घर से निकला मासूम दिव्यांश, 3 दिन से नहीं लौटा वापस; बेबस माता-पिता ने मांगी मदद

 

करीब 24 घंटे तक घायल अवस्था में जंगल में पड़े रहने के बावजूद मेहर सिंह ने हिम्मत नहीं हारी। पुलिस ने उन्हें अधमरी हालत में बरामद कर पहले देहरा अस्पताल और बाद में गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर किया।

84 दिन बाद हार गए जिंदगी की जंग

लंबे समय तक अस्पताल में इलाज चलने के बावजूद उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। आखिरकार 84 दिन बाद उन्होंने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर से परिवार और स्थानीय लोगों में गहरा शोक है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 3 साल की मासूम को तेज रफ्तार कैंपर ने मारी टक्कर, तोड़ा दम- चालक गिरफ्तार

एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि पहले इस मामले में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था, लेकिन पीड़ित की मौत के बाद अब आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा भी जोड़ी जाएगी। दोनों आरोपितों की उम्र 19 और 23 वर्ष बताई जा रही है और वे पहले भी कई बार इसी टैक्सी चालक की गाड़ी किराए पर ले चुके थे।

 

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया था कि आरोपियों ने नशे की लत और पैसों की जरूरत के चलते इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख