#अपराध
May 22, 2025
हिमाचल पुलिस ने तोड़ी नशा तस्करों की कमर : 3 करोड़ की संपत्ति अटैच, नकदी और गाड़ियां भी शामिल
कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करों की करोड़ों की संपत्ति अटैच की
शेयर करें:

कांंगड़ा। हिमाचल प्रदेश की जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों पर प्रहार किया है। यहां पुलिस द्वारा करोड़ों की प्रॉपर्टी को जब्त कर लिया गया है। बताते चलें कि पुलिस ने नशा माफिया की कमर तोड़ने के लिए अभियान चलाया है।
पुलिस द्वारा दो करोड़ 65 लाख 66 हजार से अधिक की संपत्ति अटैच की है। इस कार्रवाई में आरोपियों के कई मकान, कीमती आभूषण, नकदी और वाहन शामिल हैं। पुलिस की यह कार्रवाई नशे की माफिया और तस्करों पर पैनी नजर बनाए रखने और उनके अवैध कारोबार को पूरी तरह खत्म करने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
पुलिस थाना धर्मशाला की टीम ने 6 अप्रैल 2025 को संजय कुमार उर्फ छप्पन और सुमन कुमारी के कमरे की तलाशी के दौरान 1.246 किलोग्राम चरस जब्त की थी। इसके बाद मादक पदार्थ अधिनियम के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। संजय कुमार के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।
जांच में पाया गया कि छप्पन ने अवैध धनराशि से तीन मकान बनवाए हैं, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपए है। इसके अलावा उनके परिवार के नाम एक स्कॉर्पियो, कार, बुलेट और स्कूटी भी हैं, जिनकी कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए है। कुल मिलाकर संजय कुमार की चल और अचल संपत्ति करीब 1 करोड़ 59 लाख 53 हजार रुपए आंकी गई है।
दूसरे मामले में 6 नवंबर 2024 को कांगड़ा पुलिस ने पवन कुमार और उसकी पत्नी नीना को 26.10 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार किया था। इनके खिलाफ भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। पवन कुमार की संपत्ति की जांच में उसके गांव अरला, सकोट और तरसूहां में मकान पाए गए, जिनकी कीमत लगभग 81 लाख 45 हजार रुपए है। इनके अलावा चल संपत्ति की कीमत करीब 24 लाख 68 हजार रुपए आंकी गई है। कुल मिलाकर उनकी संपत्ति करीब 1 करोड़ 6 लाख 13 हजार रुपए है, जिसे जल्द ही जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कांगड़ा पुलिस विभाग की एसएसपी शालिनी अग्रिहोत्री ने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। तीन बड़े मामलों में कुल दो करोड़ 66 लाख से अधिक की संपत्ति अटैच की गई है। पुलिस ने क्षेत्र में नशे के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लिया है।
कांगड़ा पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय लोग काफी संतुष्ट हैं। नशा तस्करों पर ऐसी सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था मजबूत होने का भरोसा बढ़ा है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि नशे के खिलाफ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और वे हर कीमत पर इस जाल को खत्म करेंगे।