#अपराध
August 18, 2025
हिमाचल में पाकिस्तान प्रेम! मिली ऐसी संदिग्ध चीज; जिसे देख कर लोगों में मचा हड़कंप
हिमाचल में कैसे पनपा पाकिस्तान प्रेम ?
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आज दोपहर को उस समय सनसनी फैल गई, जब देहरा पुलिस जिला के हरिपुर थाना क्षेत्र की पंचायत सकरी में एक खेत से संदिग्ध गुब्बारा बरामद हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक गुब्बारे पर अंगेजी के बड़े अक्षरों में I Love Pakistan लिखा हुआ था, जिसके बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई।
स्थानीय निवासी निर्मला देवी अपने खेतों में रोज़ की तरह काम कर रही थीं। तभी उनकी नज़र एक रंगीन गुब्बारे पर पड़ी। नज़दीक जाकर देखने पर पता चला कि उस पर पाकिस्तान समर्थक नारा लिखा हुआ है। उन्हें यह संदिग्ध लगा और बिना देरी किए उन्होंने घटना की जानकारी हरिपुर पुलिस को दी।
यह भी पढ़ें : मणिमहेश यात्रा में परिवहन व्यवस्था के दावे हुए हवा, श्रद्धालुओं को नहीं मिल रही बसें किया हंगामा
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनजीत सिंह मनकोटिया एएसआई अनूप सिंह और पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गुब्बारे को कब्ज़े में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। इस दौरान पंचायत उपप्रधान रामस्वरूप शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे।
पंचायत उपप्रधान ने घटना को गंभीर मानते हुए स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी को भी इस तरह की वस्तु दिखाई दे तो तुरंत पुलिस या पंचायत प्रतिनिधियों को सूचित करें। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध गुब्बारे को कब्ज़े में लेकर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : मानसून सत्र में आपदा पर हंगामा: जयराम बोले- पीड़ितों को भेजा राशन कांग्रेस नेता के घर पहुंचा
फिलहाल प्राथमिक जांच में कोई बड़ा खतरा सामने नहीं आया है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से देख रही हैं। एएसआई अनूप सिंह ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई संभव हो सके।