#अपराध
July 30, 2025
हिमाचल: 6 अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करों की 4.78 करोड़ की संपत्ति जब्त, एक के घर से मिला था एक किलो सोना
दुबई से जुड़े थे आरोपियों के तार, एक तस्कर के घर से मिला था एक किलो से भी अधिक सोना
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रदेश के जिला कांगड़ा के पुलिस जिला नूरपुर ने छह अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी करोड़ों की संपत्ति को जब्त कर लिया है। इन नशा तस्करों के पास से पुलिस को एक करोड़ से अधिक की नगदी, एक किलो से अधिक सोना मिला था। इन नशा तस्करों के तार दुबई से जुड़े हुए पाए गए थे।
ऐसे में अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इन नशा तस्करों की 4 करोड़ 78 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त कर ली है। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान कुल छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जो हेरोइन की तस्करी में सक्रिय रूप से शामिल थे और विदेश से नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
यह भी पढ़ें : 300 फीट गहरी खाई में गिरी पिकअप टौंस नदी में समाई, हिमाचल का शख्स हुआ लापता
यह मामला 27 अक्टूबर, 2024 को सामने आया था जब पुलिस थाना डमटाल के तहत एक युवक कंवलजीत सिंह, निवासी अर्जुन नगर (अमृतसर), से 262 ग्राम हेरोइन बरामद की गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उसने खुलासा किया कि यह कोई साधारण मामला नहीं, बल्कि एक संगठित अंतरराष्ट्रीय गिरोह है।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने 8 अप्रैल, 2025 को आरोपी राजेश कुमार को धर्मशाला से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि यह तस्करी दुबई से संचालित हो रही थी और इसमें कई लोग शामिल थे, जो भारत में रहकर काम को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए 13 अप्रैल को राज कुमार उर्फ सेठी को भदरोआ से पकड़ा। इसके बाद 15 अप्रैल को लखविंद्र कोहली को गिरफ्तार किया गया, जिसकी निशानदेही पर सुंदरनगर (पठानकोट) निवासी मोहित सिंह उर्फ टोनी के घर पर छापा मारा गया।
यह भी पढ़ें : HRTC कर्मियों ने वापस ली हड़ताल: ओवरटाइम भत्ते सहित इन मांगों पर बनी सहमति
टोनी के आवास से पुलिस ने 4.90 लाख रुपये नकद, 67.93 ग्राम सोने के गहने, 95.45 ग्राम चांदी, दो मोबाइल फोन, और दो लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसियों के दस्तावेज बरामद किए, जिनका कुल वार्षिक प्रीमियम 4.5 लाख रुपये था।
आगे की जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि लखविंद्र कोहली ने अपने अवैध रूप से अर्जित धन को पठानकोट निवासी गगन सरना के पास छिपा रखा है। 16 अप्रैल, 2025 को जब गगन सरना के घर पर दबिश दी गई, तो वहां से पुलिस ने 1 किलो 25 ग्राम सोना, 4 ग्राम चांदी और 1 करोड़ 15 लाख रुपये की नकदी बरामद की। अगले दिन 17 अप्रैल को टोनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस पूरे मामले में पुलिस ने तस्करों द्वारा नशा बेचकर अर्जित कुल 4 करोड़ 78 लाख 87 हजार 726 रुपये की चल और अचल संपत्ति को जब्त करने की मंजूरी सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली से प्राप्त की। यह आदेश 22 जुलाई, 2025 को जारी किए गए।
एसपी अशोक रत्न ने बताया कि जिला पुलिस नूरपुर अब तक 13 मामलों में कुल 23 करोड़ 97 लाख 22 हजार 980 रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है। यह कार्रवाई नशे के खिलाफ पुलिस की प्रतिबद्धता और अपराधियों को आर्थिक रूप से कमजोर करने की रणनीति का हिस्सा है। यह कार्रवाई पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे सबसे बड़े अभियानों में से एक मानी जा रही है, जिससे साफ है कि अब नशा तस्करों के लिए हिमाचल की सरजमीं पर पैर जमाना आसान नहीं रहेगा।