#हादसा
July 30, 2025
300 फीट गहरी खाई में गिरी पिकअप टौंस नदी में समाई, हिमाचल का शख्स हुआ लापता
एसडीआरएफ की टीम लापता की तलाश में जुटी
शेयर करें:

शिमला/ विकासनगर। हिमाचल प्रदेश के पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के देहरादून में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। हादसे में एक गाड़ी सड़क से लुढ़क कर सीधे नदी में जा समाई है। इस हादसे में हिमाचल का शख्स लापता हो गया है। हिमाचल के इस लापता व्यक्ति के नदी के तेज बहाव में बहने की आशंका जताई जा रही है। व्यक्ति की तलाश में रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं।
यह भी पढ़ें : HRTC कर्मियों ने वापस ली हड़ताल: ओवरटाइम भत्ते सहित इन मांगों पर बनी सहमति
बताया जा रहा है कि विकासनगर से हरिपुर मीनस की ओर जा रहा एक पिकअप लोडर बुधवार तड़के टौंस नदी में जा गिरा। यह वाहन हिमाचल प्रदेश की ओर जा रहा था और इसमें दो व्यक्ति सवार थे, जिनमें से एक हिमाचल की राजधानी शिमला का निवासी है। वाहन दुर्घटना के बाद एक युवक लापता है, जिसकी तलाश में एसडीआरएफ द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
घटना सुबह लगभग 6 बजे की बताई जा रही है, जब पिकअप लोडर वाहन विकासनगर से हिमाचल की ओर रवाना हुआ था। जैसे ही वाहन खकयड़ के पास पहुंचा, वह अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और उसके बाद टौंस नदी में समा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार दो व्यक्तियों में से एक मोहम्मद आरिश निवासी नेहरूवा जिला शिमला हिमाचल प्रदेश अभी तक लापता है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार आरिश की खोज के लिए एसडीआरएफ की टीम टौंस नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण सर्च ऑपरेशन में कठिनाइयां आ रही हैं, लेकिन टीम लगातार प्रयासरत है।
वाहन में दूसरा व्यक्ति मोहम्मद अजल निवासी सहारनपुर उत्तर प्रदेश हादसे में घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं राजस्व उपनिरीक्षक सुखदेव जिन्नाटा और पीआरडी जवानों के साथ घटनास्थल पर मौजूद टीम ने बताया कि तलाशी अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल जाता। वहीं हिमाचल से भी आरिश के परिजन मौके के लिए रवाना हो चुके हैं।