#अपराध
January 16, 2025
हिमाचल: पत्नी को लेने ससुराल आया था पति, साथ नहीं चली तो खाई में गिरा दी गाड़ी
दामाद ने रात को ससुराल में किया हंगामा
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल के हमीरपुर जिला में एक दामाद ने अपने ही ससुराल में जमकर बवाल किया। यह दामाद मायके आई अपनी पत्नी को लेने आया था। ससुराल में ससुर और अन्य लोगों से बहसबाजी करने के बाद जीप लेकर निकले दामाद ने करीब 150 फीट गहरे नाले में जीप को भी गिरा दिया। गनीमत रही कि जीप नीचे जाकर पेड़ों के बीच फंस गई।
मामला हमीरपुर जिला के पुलिस चौकी गलौड़ के तहत आते ढगो गांव से सामने आया है। बताया जा रहा है कि दामाद रात के समय अपने ससुराल पहुंचा था। यहां आकर वह पत्नी और ससुराल वालों से बहसबाजी करने लगा। आरोपी पूर्व सैनिक बताया जा रहा है। पुलिस को सौंपी शिकायत में ढगो निवासी रोशन लाल ने बताया कि ऊना जिला के कोटलाकलां निवासी उसका दामाद उनके घर आया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : बाइक चालक की ट्रक से हुई जोरदार टक्कर, घर पर इंतजार कर रहा था परिवार
रोशन लाल की बेटी और उसके पति के बीच विवाद चल रहा था। जिसके चलते उनकी बेटी अपने मायके में आ गई थी। रोशन लाल के अनुसार उनका दामाद पूर्व सैनिक है और रात को घर आने के बाद वह अपनी पत्नी यानी उनकी बेटी को अपने साथ ले जाने की जिद्द करने लगा। इस दौरान वह हर किसी को धमका रहा था। जिसके चलते आसपड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए थे।
इस दौरान आरोपी ने उनके घर का सामान भी तोड़ दिया। उन्होंने आशंका जाहिर की है कि आरोपी ने शायद शराब पी रखी थी। इस दौरान गुस्से में वह ट्राला जीप को नाले में गिराने की बातें करने लगा और जीप लेकर घर से निकल गया। कुछ दूर जाकर उसने जीप को 150 फीट गहरे नाले में गिरा दिया। जिसे देख कर वहां चीख पुकार मच गई।
गनीमत रही कि कुछ दूर खाई में जाने के बाद जीप चीड़ के पेड़ों में फंस गई। इस दौरान लोग घटनास्थल पर पहुंचे और व्यक्ति को जीप से बाहर निकाला। घटना की सूचना गलौड़ पुलिस को दी गई। गलोड़ पुलिस चौकी प्रभारी शशिकांत अन्य पुलिस कर्मियों क साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की टीम ने परिवार के बयान दर्ज किए और जतिंद्र को पुलिस चौकी लाया गया।
पुलिस ने व्यक्ति का मेडिकल करवाया है। एसपी भगत सिंह ने कहा कि मामला ध्यान में आया है। व्यक्ति का गलोड़ अस्पताल में मेडिकल करवाया है। वहीं पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।