हमीरपुर। हिमाचल में आए दिन आत्महत्याओं के मामले बढ़ रहे हैं। लेकिन जब एक युवक और युवती एक साथ जहर खा लें तो मामला समझ से परे हो जाता है। ऐसा ही कुछ हुआ है हिमाचल के हमीरपुर जिला में। यहां एक युवक और किशोरी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इन दोनों ने जहरीला पदार्थ क्यों खाया इसका खुलासा तो जांच के बाद ही होगा। लेकिन इस मामले की पूरे क्षेत्र में खासी चर्चा हो रही है।
युवक और छात्रा ने निगली जहरीली दवाई
मिली जानकारी के अनुसार हमीरपुर जिला के उपमंडल नादौन के तहत आते कलूर गांव के पास ही एक युवक और उसके साथ आई किशोरी ने जहरीली दवाई खा ली। जहरीली दवाई खाने से दोनों की तबीयत खराब हो गई और उन्हें स्थानीय लोगों ने नादौन अस्पताल पहुंचाा, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है।
ब्यास नदी किनारे घूम रहे थे दोनों
बताया जा रहा है कि युवक कांगड़ा जिला के खुंडियां क्षेत्र का रहने वाला है। जबकि किशोरी डाडासीबा क्षेत्र की बताई जा रही है। यह दोनों ही बाइक पर सवार होकर नादौन के कलूर गांव के पास पहुंचे हुए थे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के स्कूल टीचर पर लगा पॉक्सो एक्ट: 14 वर्षीय छात्रा के साथ किया..
कलूर गांव में ही ब्यास नदी के तट पर जब कुछ महिलाएं अपने पशुओं को चरा रही थी, तो उन्होंने इन दोनों को वहां से गुजरते हुए देखा। महिलाओं को युवक की हालत कुछ ठीक नहीं लगी।
लोगों ने पहुंचाए नादौन अस्पताल
जिस पर महिलाओं ने छात्रा और युवक के पास जाकर उनसे इस बारे में पूछा तो दोनों ने बताया कि उन्होंने कोई जहरीली दवाई खा ली है। जिसके बाद महिलाओं के कहने पर छात्रा ने अपने घर पर परिजनों को इसकी जानकारी दी। वहीं महिलाओं ने आसपास के लोगों को भी बुलाया। जिसके बाद दोनों को नादौन अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: पावर प्रोजेक्ट में टूटी चट्टान, तीन मजदूर नीचे आए- दो गंभीर
पुलिस कर रही मामले की जांच
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवक की बाइक को भी कब्जे में ले लिया है। दोनों के बयान दर्ज कर पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है। मामले की पुष्टि करते हुए नादौन थाना प्रभारी बाबूराम शर्मा ने बताया कि कांगड़ा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।