#अपराध

April 26, 2026

हिमाचल : BMW कार में आया 'अफसर'...ठेके से उठाई महंगी शराब की बोतलें, बिना पैसे दिए हुआ फुर्र

फर्जी पहचान बताकर फ्री में शराब और बीयर मांगी 

शेयर करें:

 fake officer

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर में सामने आया यह मामला किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं लग रहा है, जहां एक शख्स लग्जरी BMW कार में आया, खुद को सरकारी अफसर बताया और शराब के ठेके से महंगी बोतलें उठाकर बिना पैसे दिए फरार हो गया। इस घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है और अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। 

सरकारी अधिकारी बताकर की गुंडागर्दी

मामला सामने आने के बाद सदर थाना हमीरपुर में केस दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शिकायत के मुताबिक, ये लोग अलग-अलग समय पर शराब के ठेकों पर पहुंचे और खुद को सरकारी अधिकारी बताकर कर्मचारियों को डराने-धमकाने लगे। उनका तरीका ऐसा था कि कर्मचारी भी दबाव में आ जाते थे।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में जम्मू के युवक की मौ*त : डैम साइट पर करता था काम, परिजनों ने कंपनी पर जड़े आरोप

फर्जी पहचान बताकर फ्री में शराब और बीयर मांगी 

शिकायतकर्ता सौरभ कटोच, जो नया नगर हमीरपुर के रहने वाले हैं और यूनिक वाइंस के साझेदार हैं, ने बताया कि कुछ अज्ञात लोग कई बार उनके ठेकों पर पहुंचे और खुद को राज्य आबकारी विभाग का अधिकारी बताया। इसी फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर वे फ्री में शराब और बीयर की मांग करते थे।

यह भी पढ़ें : हिमकेयर में बड़ा घोटाला : फर्जी इलाज के नाम पर करोड़ों की हेराफेरी- कई अस्पताल रडार पर

बताया जा रहा है कि ये लोग केवल एक जगह नहीं, बल्कि अलग-अलग ठेकों पर भी पहुंचे। ये लोग 18 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे मट्टन सिद्ध के शराब ठेके पर पहुंचे थे। इसके बाद 19 अप्रैल को करीब 3 बजे बड़सर के भिरा इलाके वाले ठेके पर भी गए। हर बार उनका तरीका एक जैसा था, पहले खुद को अधिकारी बताते, फिर दबाव बनाकर शराब मांगते।

लग्जरी गाड़ियों से आते थे आरोपी

ये लोग लग्जरी गाड़ियों में आते थे, जिससे उनका रौब और ज्यादा बनता था। एक बार BMW गाड़ी (नंबर HP 84 0040) में एक व्यक्ति आया और उसने खुद को अधिकारी बताकर शराब की मांग की। दूसरे मौके पर आई-20 गाड़ी (नंबर HP 22 F 1461) में भी ऐसा ही मामला सामने आया, जहां उसी तरह की हरकत की गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 16 दिन बाद विदेश से लौटी बेटे की देह, शादी की तैयारी के बीच परसा मातम; मां-बाप बेसुध

कर्मचारियों को देते थे धमकी 

आरोप है कि इन लोगों ने कई बार कर्मचारियों को धमकी भी दी कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो ठेके का लाइसेंस रद्द करवा दिया जाएगा या उन्हें झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा। इसी डर के चलते कई बार कर्मचारी मजबूरी में उनकी बात मान लेते थे।

पुलिस तक पहुंचा मामला

लगातार इस तरह की घटनाओं के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। गाड़ी नंबर और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख