#अपराध
March 11, 2025
हिमाचल: शातिरों ने बुजुर्ग के खाते से उड़ा लिए 50 हजार रुपए, सदमें में चली गई जा*न
पेंशन के पैसे निकालने गया था एटीएम, शातिरों ने बदल दिया कार्ड
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। शातिर बुजुर्ग और अनपढ़ लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के हमीरपुर जिला से सामने आया है। यहां शातिरों ने एक बुजुर्ग का एटीएम बदलकर उसके खाते से 50 हजार रुपए निकाल लिए। जैसे ही बुजुर्ग को इस बात का पता चला तो वह यह सदमा सह नहीं पाया और उसे दिल का दौरा पड़ गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार हमीरपुर जिला के मैहरे में एक बुजुर्ग अपनी पेंशन निकालने के लिए मैहरे बाजार में लगे एटीएम में गया था। बुजुर्ग ने कार्ड एटीएम में डाल कर पैसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन पैसे नहीं निकले। उसने दो से तीन बाद प्रयास किया लेकिन फिर भी बुजुर्ग के पैसे नहीं निकले। इसी बीच दो तीन शातिर एटीएम में घुसे और बुजुर्ग से उसकी परेशानी पूछी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खड्ड किनारे मिली शख्स की देह, रात को पत्नी से वीडियो कॉल पर की थी बात
जब बुजुर्ग ने उन्हें बताया कि एटीएम से उसके पैसे नहीं निकल रहे हैं तो शातिरों ने भोलेपन का फायदा उठाते हुए बुजुर्ग से कहा कि हम प्रयास करते हैं। इस दौरान उन्होंने बुजुर्ग से पिन नंबर ले लिया और एटीएम भी बदल दिया। शातिरों ने उसके बाद बड़सर जाकर एटीएम से बुजुर्ग के खाते से 50 हजार की राशि निकाल ली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: हड़ताली पटवारी-कानूनगो को बड़ा झटका, अब सर्टिफिकेट बनाएंगे ये अफसर
बुजुर्ग को जैसे ही एसएमएस से पैसे निकालने की सूचना मिली तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बुजुर्ग ने तुरंत ही इसकी सूचना बैंक में दी। बाद में बुजुर्ग मामले की शिकायत करने बड़सर थाना की तरफ जाने लगे तो रास्ते में ही उन्हें दिल का दौरा पड़ गया और उनकी मौत हो गई। बाद में मामले की शिकायत उनके किसी रिश्तेदार ने बड़सर पुलिस थाना में दर्ज करवाई।
इस संदर्भ में डीएसपी बड़सर लालमन शर्मा ने बताया कि धोखाधड़ी की शिकायत मिलने पर मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है। एटीएम के अंदर लगे सीसीटीवी की फुटेज को बैंक के माध्यम से खंगाला जा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया है कि सतर्क रहें और अपना ओटीपी तथा एटीएम कार्ड पिन नंबर तथा बैंक से संबंधित कोई जानकारी किसी से सांझा ना करें।