#अपराध
February 4, 2025
हिमाचल: बेरोजगारों को नौकरी का लालच देकर लूट रहे शातिर, युवक से लाखों की ठगी
शातिर ने नौकरी का लालच देकर युवक से लिए 3 लाख 20 हजार रुपए
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या बढ़ती जा रही है। प्रदेश में रोजगार ना मिलने से हताश युवाओं को जब कोई नौकरी दिलवाने की बात कहता है तो यह बेरोजगार युवा जल्द ही उसकी बातों में आ जाते हैं। लेकिन कई शातिर युवाओं को रोजगार का लालच देकर उनके साथ ठगी कर देते हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के हमीरपुर जिला से सामने आया है।
मिली जानकारी के अनुसार हिमाचल के हमीरपुर जिला के भोरंज पुलिस थाना के तहत एक युवक को भी एक शातिर ने विदेश में नौकरी दिलवाने का झांसा दिया और उसके साथ लाखों रुपए की ठगी कर ली। शातिर ने युवक से पैसे भी ले लिए और उसे नौकरी भी नहीं दिलवाई। अब युवक न्याय पाने के लिए पुलिस के पास पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अस्पताल की गायनी वार्ड में शॉर्ट सर्किट, नवजात शिशुओं के साथ सो रही थी महिलाएं
भजलाह गांव के पीड़ित युवक की मां ने इस संबंध में भोरंज पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को सौपी शिकायत में महिला ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति अशोक कुमार ने उसके छोटे बेटे अनिल कुमार को विदेश में नौकरी दिलवाने की बात कही थी। जिसके लिए अशोक कुमार ने 3 लाख 20 हजार रुपए ले लिए। लेकिन उसने ना तो नौकरी दिलवाई और ना ही अब वह पैसे लौटा रहा है।
महिला ने बताया कि उन्होंने अक्तूबर 2023 में यह राशि उक्त व्यक्ति के खाते में ऑनलाइन भेजी थी। जिसके बाद आरोपी ने बताया कि कागजी कार्रवाई में समय लग रहा है। लेकिन इतना समय बीत जाने के बाद भी उसने अनिल को विदेश में नौकरी नहीं दिलवाई। वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अशोक कुमार को पूछताछ के लिए थाना बुलाया जाएगा। जिसके बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।