#हादसा
February 4, 2025
हिमाचल : अस्पताल की गायनी वार्ड में शॉर्ट सर्किट, नवजात शिशुओं के साथ सो रही थी महिलाएं
मरीजों और तीमारदारों में बना डर का माहौल
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से आगजनी की घटना पेश आई है। जिला मुख्यालय में स्थित क्षेत्रीय अस्पताल के गायनी वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई है। घटना के वक्त वार्ड में करीब तीन दर्जन से ज्यादा महिलाएं और उनके शिशु मौजूद थे। आग लगते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया।
घटना के वक्त कई महिलाएं अपने नवजात शिशुओं के साथ सो रही थीं। मरीजों के तीमारदार मरीजों और बच्चों को उठाकर इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जानी-नुकसान नहीं हुआ है। मगर इस घटना के बाद मरीजों और तीमारदारों में डर का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, आगजनी की घटना आज सुबह उस वक्त पेश आई- जब गायनी वार्ड के दो कमरों के बीच बने बिजली के कंट्रोल पैनल में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट होते ही अस्पताल में धुआं फैल गया। अस्पातल में आग लगने की खबर फैलते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के वक्त वार्ड में 36 महिलाएं (जिनमें कुछ गर्भवती भी थी) और उनके नवजात मौजूद थे। इसी बीच होमगार्ड और नर्सों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत सभी मरीजों को वार्ड से बाहर निकालना शुरू कर दिया। उन्होंने सभी मरीजों को हाईटेक इमरजेंसी के पीछे बने दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाने की कोशिश की। तब तक बिजली कर्मचारियों ने तुरंत शटडाउन कर आग की चपेट में आए कंट्रोल पैनल को बदल दिया।
मामले की जानकारी देते हुए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। सभी मरीज और उनके तीमारदार सुरक्षित हैं। बिजली कर्मचारियों को क्षतिग्रस्त उपकरणों को बदलने के निर्देश दे दिए गए हैं।