#अपराध

January 18, 2026

हिमाचल में अब सेना का जवान चिट्टे की खेप संग धरा, कार में युवाओं को बेच रहा था नशा

डीसी ऑफिस के पास खड़ी थी आरोपी की कार

शेयर करें:

Shimla Police

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच एक बार फिर चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजधानी शिमला में पुलिस ने एक सरकारी कर्मचारी को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आर्मी फायर सर्विस कमांड एरिया में चालक के पद पर तैनात है और कार में बैठकर युवाओं को नशा बेचने की सूचना पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

डीसी ऑफिस के पास खड़ी थी आरोपी की कार

मिली जानकारी के अनुसार, शिमला सदर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि डीसी ऑफिस के समीप कमांड एरिया में सेंट थॉमस स्कूल के नीचे संपर्क सड़क पर एक व्यक्ति सफेद रंग की कार में बैठकर चिट्टा बेच रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : सरकारी रिकॉर्ड में बदल डाली पत्नी, दूसरी महिला को किया दर्ज- पति के धोखे की खुली पोल

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस ने मौके पर खड़ी संदिग्ध कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में बैठे व्यक्ति के पास से करीब 10.660 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

हमीरपुर निवासी है तस्कर कर्मचारी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय तुषार चंद्र निवासी भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में शिमला के कमांड एरिया में आर्मी फायर सर्विस में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब से नशे के इस अवैध कारोबार में संलिप्त था और उसे चिट्टे की सप्लाई कहां से मिल रही थी।

यह भी पढ़ें : राज्यपाल ने सुक्खू सरकार के फैसले पर उठाए सवाल, बोले- चिट्टा आरोपियों पर चुनावी रोक गलत

तीन पुलिस कर्मचारियों को किया है बर्खास्त

पुलिस अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, यह मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि आरोपी एक सरकारी कर्मचारी है। शिमला जिला में अब तक करीब 30 सरकारी कर्मचारियों को चिट्टे के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें अलग-अलग विभागों के कर्मचारी शामिल हैं। हाल ही में राज्य सरकार के सख्त निर्देशों के बाद नशे में संलिप्त पाए गए तीन पुलिस कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त भी किया गया है।

सख्ती से जारी रहेगा नशे के खिलाफ अभियान

साथ ही पुलिस का कहना है कि, नशे के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा और चाहे आरोपी किसी भी विभाग या पद से जुड़ा हो, कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख