#अपराध
January 24, 2026
हिमाचल पुलिस ने पकड़ी उज्बेकिस्तानी महिला : बिना पासपोर्ट और वीजा घूम रही थी, अब जेल में बंद
नाली में धंसी हुई थी कार
शेयर करें:

सिरमौर। भारत में विदेश से आने वाले नागरिकों के लिए पासपोर्ट और वीजा की व्यवस्था की गई है, ताकि वे कानूनी रूप से देश में प्रवेश कर सकें। इसके बावजूद कई बार नियमों का उल्लंघन करते हुए लोग बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे होते हैं। ऐसा ही एक मामला हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर से सामने आया है, जहां पुलिस टीम ने एक विदेशी महिला को एक युवक के साथ बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत में रहते हुए पकड़ा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सिरमौर से बीते 22 जनवरी की रात सामने आया है। यहां पर पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि नाहन के शक्तिनगर से आगे कैंची मोड़ के पास देर रात सड़क किनारे एक गाड़ी संदिग्ध हालत में खड़ी है, जिसमें एक युवक और एक युवती मौजूद हैं।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस जब लिंक रोड जोगनवाली पहुंची तो वहां सड़क किनारे एक कार नाली में एक तरफ धंसी हुई मिली। गाड़ी की चालक सीट पर बैठे युवक ने अपना नाम सैफ क्वेजिलबाश बताया, जो ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है।
युवक के साथ आगे वाली सीट पर एक विदेशी महिला बैठी हुई थी। पूछताछ में महिला ने खुद को उज्बेकिस्तान की निवासी बताया। जब पुलिस ने महिला से उसका पासपोर्ट और भारत में रहने से जुड़े दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागज नहीं दिखा सकी।
इसके बाद पुलिस को शक हुआ और महिला से और पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि महिला के पास भारत में रहने की कोई वैध अनुमति नहीं है। ऐसे में पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।
इस मामले में सिरमौर पुलिस ने विदेशी महिला के खिलाफ फॉरेनर्स एक्ट की धारा 14 के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला भारत कब और किस रास्ते से आई और नाहन आने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था। वहीं, कार में मौजूद युवक से भी पूछताछ की जा रही है कि वह विदेशी महिला के साथ क्यों था और उसे बिना दस्तावेजों के अपने साथ क्यों ले जा रहा था।