#अपराध

April 22, 2025

हिमाचल: कार में बंद युवक की नाक से निकल रही थी झाग, परिजनों को बुरी हालत में मिला बेटा

हिमाचल में नशे का कहर: ड्रग ओवरडोज की आशंका

शेयर करें:

himachal news

शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे की लत अब जानलेवा बनती जा रही है। युवाओं को अपनी गिरफ्त में ले चुके इस जाल का ताजा उदाहरण शिमला जिला के कोटखाई क्षेत्र में देखने को मिला, जहां एक 31 वर्षीय युवक का शव उसकी ही कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण ड्रग ओवरडोज माना जा रहा है, जिसने एक और युवा जीवन को असमय समाप्त कर दिया।

जंगल में खड़ी कार में मिली देह

बीते कल यानी सोमवार सुबह कोटखाई थाना पुलिस को सूचना मिली कि राम की कराली क्षेत्र के पास एक युवक अपनी कार में बेसुध हालत में पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टीम सहित मौके पर पहुंचे।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में गुंडागर्दी- रातभर रस्सियों से बांधा शख्स, पत्नी को धमका कर मांगी फिरौती- जानें पूरा मामला

 

घटनास्थल बहलीधार से बदायव घाटी की ओर एक सुदूर जंगल में था, जहां एक नीले रंग की स्विफ्ट कार खड़ी पाई गई। कार के भीतर चालक सीट पर एक युवक अचेत अवस्था में मिला, जिसकी पहचान वशिष्ठ घाल्टा निवासी कोटखाई के रूप में की गई।

कार बंद, दरवाजे अनलॉक

घटनास्थल की जांच में सामने आया कि कार की सभी खिड़कियां अंदर से बंद थीं, हालांकि दरवाजे लॉक नहीं थे। स्थानीय लोगों और परिजनों की उपस्थिति में पुलिस ने कार खोली और शव को बाहर निकालकर प्रारंभिक जांच की।

 

यह भी पढ़ें :  धर्मशाला में IPL: सबसे सस्ते टिकट आधे घंटे में बिके, अब 3 हजार का मिलेगा- यहां जानें कैसे खरीदें

 

पुलिस और चिकित्सकीय टीम की रिपोर्ट में पाया गया कि मृतक के नाक से झाग और सूखा खून निकल रहा था, जबकि शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई।

ड्रग ओवरडोज की आशंका

मौके पर पहुंचे डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने भी जांच की निगरानी की। मेडिकल जांच के दौरान युवक के हाथ पर इंजेक्शन के निशान मिले, जिससे पुलिस को आशंका है कि मौत ड्रग ओवरडोज से हुई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण की पुष्टि हो पाएगी।

बढ़ता नशे का खतरा

इस दुखद घटना ने एक बार फिर हिमाचल में युवाओं के बीच फैलते नशे के खतरे को उजागर कर दिया है। नशीली दवाओं और पदार्थों की आसान उपलब्धता और सामाजिक जागरूकता की कमी अब राज्य के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में नशे के खिलाफ ठोस नीति और कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ी इस अंधेरे दलदल में न फंसे।

 

यह भी पढ़ें :  हिमाचल: 16 साल बाद जिंदा लौटा फौजी जवान, पत्नी ने रची थी साजिश- यहां जानिए घर वापसी की कहानी

पुलिस की जनता से अपील

पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी हो तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। वहीं परिजनों और समाज को भी चाहिए कि वे युवाओं पर नजर रखें और समय रहते नशे की लत की पहचान कर उचित मदद मुहैया कराएं।

बहरहाल, यह घटना सिर्फ एक दुखद अंत नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो यह जहर और न जाने कितनी जिंदगियां लील जाएगा।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख