#अपराध
March 7, 2026
हिमाचल में नशे पर शिकंजा: होटल से चिट्टे संग दो युवक अरेस्ट, तीसरे से मिला ढेर सारा गांजा
कुल्लू-मनाली में तीन युवक गिरफ्तार, चिट्टा और गांजा बरामद
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में युवाओं के बीच तेजी से फैलते नशे ने चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच पुलिस भी तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर रही है। इसी कड़ी में कुल्लू और मनाली में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में तीन युवकों को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चिट्टा और गांजा बरामद किया गया है और पुलिस अब नशे के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पहला मामला मनाली का है। पुलिस थाना मनाली की टीम को सूचना मिली थी कि सिमसा क्षेत्र के एक होटल में नशे का कारोबार चल रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल में दबिश दी और कमरे की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद राजस्थान के दो युवकों के कब्जे से 15.140 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि यह नशा वे कहां से लेकर आए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
दूसरे मामले में कुल्लू पुलिस ने एक युवक को नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अक्षय निवासी जीण (नादौन), जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से 0.43 ग्राम चिट्टा और 1.55 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
एसपी कुल्लू मदन लाल ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।