#अपराध
May 15, 2026
हिमाचल खाद्य सामग्री का लाइसेंस लेकर कंपनी में बना दी नशीली दवाएं, मालिक गिरफ्तार
चॉकलेट और अन्य खाद्य उत्पाद बनाने की थी अनुमति
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में फूड लाइसेंस की आड़ में चल रहे अवैध दवा कारोबार का एक बड़ा खुलासा हुआ है। यहां पुलिस और ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई में सामने आया कि एक कंपनी खाद्य उत्पाद बनाने की अनुमति लेकर नशीली दवाओं का निर्माण कर रही थी। मामले में कंपनी मालिक को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच में लाखों नशीली गोलियों की बरामदगी के बाद अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश के जिला सोलन में बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र में नकली और नशीली दवाओं के कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है। बीती 8 मई को पुलिस और ड्रग विभाग की टीम ने सालासर कॉम्प्लेक्स स्थित एक यूनिट में छापा मारकर करीब 2.23 लाख नशीली गोलियां बरामद की थीं।
इस कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के शिव पूजन प्रजापति और कानपुर निवासी अनुराग शुक्ला को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि बद्दी की एक फूड लाइसेंस प्राप्त कंपनी में अवैध तरीके से दवाएं बनाई जा रही थीं।
इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए एश केमिकल कंपनी के मालिक अंकित को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि कंपनी को चॉकलेट और अन्य खाद्य उत्पाद बनाने की अनुमति मिली हुई थी, लेकिन वहां नशीली दवाओं सहित कई अन्य दवाओं का उत्पादन किया जा रहा था। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
ड्रग विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार जिन कंपनियों में नशीली दवाएं तैयार की जा रही थीं, उनके पास ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत जरूरी लाइसेंस नहीं थे। ऐसे में संबंधित कंपनियों और संचालकों के खिलाफ अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि आरोपी कंपनी मालिक से पूछताछ जारी है, जबकि पहले गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।